वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिल रहा मौका? डेब्यू में देरी पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी
15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अब तक भारत के लिए डेब्यू का मौका नहीं मिला है. इस बीच BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टीम मैनेजमेंट का बचाव करते हुए कहा कि सही अवसर आने पर युवा बल्लेबाज को जरूर मौका दिया जाएगा.
BCCI On Vaibhav Sooryavanshi Debut Delay: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड दौरे पर अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका नहीं मिला है. इसे लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टीम मैनेजमेंट का समर्थन करते हुए कहा है कि सही समय आने पर इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को जरूर मौका मिलेगा.
महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था. उन्होंने सीजन में 776 रन बनाए थे और 237.30 के रिकॉर्ड स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली.
आयरलैंड दौरे पर भी नहीं मिला मौका
हालांकि आयरलैंड सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया. भारतीय टीम फिलहाल संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की स्थापित टॉप-3 बल्लेबाजी क्रम के साथ मैदान पर उतर रही है.
टीम मैनेजमेंट का मानना है कि 2026 टी20 विश्व कप जीतने वाली संयोजन को फिलहाल बदलने की जरूरत नहीं है. इसी वजह से वैभव को अपने मौके का इंतजार करना पड़ रहा है. इस फैसले को लेकर कप्तान श्रेयस अय्यर और मुख्य कोच गौतम गंभीर की आलोचना भी हुई है.
राजीव शुक्ला ने वैभव के डेब्यू में देरी को लेकर क्या कहा?
टाइम्स नाउ से बात करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा, “हम भी मानते हैं कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्होंने आईपीएल में इसे साबित भी किया है. लेकिन टीम चयन का अंतिम फैसला कप्तान और कोच का होता है. वे परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लेते हैं और जब सही मौका आएगा, तब वैभव को जरूर अवसर मिलेगा.”
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के फैसलों पर अनावश्यक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए और टीम मैनेजमेंट के फैसलों का सम्मान किया जाना चाहिए. वैभव सूर्यवंशी को लेकर फैंस में उत्सुकता बनी हुई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं.
यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ दूसरे टी20 में 2 बदलाव के साथ उतरेगा इंग्लैंड, जोश टंग करेंगे डेब्यू
