Zakir Khan ने हेल्थ नहीं, बल्कि इस वजह से लिया कॉमेडी ब्रेक, अब हुआ खुलासा

Zakir Khan: स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने लाइव टूर से ब्रेक लिया था, लेकिन इसके पीछे असली वजह उनकी सेहत नहीं बल्कि कुछ और थी. अब इस ब्रेक के पीछे का सच सामने आ गया है. आइए जानते हैं पूरा खुलासा और पापा यार टूर का अपडेट.

By Sheetal Choubey | February 24, 2026 2:24 PM

Zakir Khan: स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने जनवरी 2026 में हैदराबाद में अपने शो के दौरान अपने लाइव टूर से लंबे ब्रेक की अनाउंसमेंट की, जिससे फैंस और नेटिजन्स चौंक गए. शुरुआत में कहा गया था कि ब्रेक की वजह हेल्थ प्रॉब्लम और पर्सनल कारण हैं, लेकिन अब जाकिर ने साफ किया है कि ये सभी अफवाहें गलत थीं. असली वजह यह है कि जाकिर पिछले कई सालों से अपने लिखने के काम पर फोकस करना चाहते थे और इसलिए उन्होंने इस ब्रेक का फैसला लिया. आइए पूरी अपडेट देते हैं.

ब्रेक लेने की वजह पर क्या बोले जाकिर खान?

जाकिर ने हाल ही में स्पोकन फेस्ट में अपने ब्रेक के पीछे की असल वजह बताई. उन्होंने कहा कि उनके पास पिछले छह सालों का लिखने का काम था, जिसे वह टालते आ रहे थे. उन्होंने साफ किया, “मेरे ब्रेक की बात यह है कि मेरे पास लिखने का बहुत सारा काम था जो मैं पिछले छह सालों से नहीं कर पाया था. मेरी सेहत बहुत अच्छी नहीं है, लेकिन बहुत ज्यादा खराब भी नहीं है. इंटरनेट पर जो पढ़ा है वह झूठ है. ये सभी फालतू बातें बस बकवास हैं.”

जाकिर ने यह भी बताया कि उनके परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया है. उन्होंने कहा कि परिवार के करीबी लोग हमेशा जानते हैं कि क्या सही है और क्या अफवाह. उनका यह ब्रेक सिर्फ लिखने और पर्सनल मामलों पर ध्यान देने के लिए है, हेल्थ का मुद्दा नहीं.

पापा यार टूर और फाइनल अपडेट

अपने पापा यार टूर के दौरान, जाकिर ने बताया कि उनका ब्रेक लंबा हो सकता है यानी 2028, 2029 या 2030 तक. उन्होंने इंस्टाग्राम पर स्टोरी और पोस्ट के जरिए फैंस को अपडेट किया. उन्होंने लिखा, “20 जून तक हर शो एक सेलिब्रेशन है. इस बार कई शहरों में नहीं आ पाऊंगा, इसलिए प्लीज थोड़ी और कोशिश करें और शो में आएं. आप सभी के प्यार के लिए धन्यवाद.”

यह भी पढ़ें: “सीने में गोली झेल सकते हैं, बेइज्जती नहीं”, अनिल कपूर का रौद्र अवतार, ‘सूबेदार’ ट्रेलर आउट