भतीजी की शादी में रोटी बेलते दिखे राजपाल यादव, डांस का वीडियो भी आया था सामने

Rajpal Yadav: चेक बाउंस मामले में जेल से जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव सीधे भतीजी की शादी में पहुंचे. पहले राजपाल के डांस का वीडियो अब उनका हलवाई संग रोटी बेलते वीडियो वायरल हो रहा है. राजपाल के सादगी भरे अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया है. देखें वीडियो…

By Aniket Kumar | February 20, 2026 7:20 PM

Rajpal Yadav: मुश्किल दौर से गुजरने के बाद जब इंसान अपने घर लौटता है, तो सबसे बड़ी ताकत परिवार ही बनता है. कुछ ऐसा ही इन दिनों अभिनेता राजपाल यादव के साथ देखने को मिल रहा है. चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल जाने के बाद उन्हें हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिली. इसके तुरंत बाद वे अपने होमटाउन शाहजहांपुर पहुंचे, जहां भतीजी की शादी का जश्न चल रहा था.

शादी में मस्ती करते दिखे राजपाल

भतीजी की शादी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं. कभी वे धोती पहनकर देसी अंदाज में डांस करते दिखे, तो कभी रिश्तेदारों के साथ हंसी-मजाक करते नजर आए. उनका अंदाज देख लोगों को यकीन ही नहीं हुआ कि हाल ही में वे इतने बड़े कानूनी झमेले से गुजरे हैं.

हलवाई संग रोटी बेलते आए नजर

अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. वीडियो में राजपाल यादव शादी के पंडाल में हलवाई के साथ बैठकर रोटी बेलते नजर आ रहे हैं. वे हंसते हुए कहते हैं, “मैं 1-2 साल बाद रोटी बना रहा हूं.” इस पर हलवाई जवाब देता है, “फिर भी भूले नहीं.” राजपाल मुस्कुराते हुए कहते हैं, “रोटी बेलना भी एक कला है, रोटी घूमनी चाहिए.” उनका यह सादगी भरा अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है. 

क्यों गए थे जेल?

दरअसल, राजपाल यादव ने साल 2010 में फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाई थी. इस फिल्म के लिए उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म फ्लॉप हो गई और कर्ज चुकाने में दिक्कत आई. कई चेक बाउंस होने के बाद कंपनी ने उनके खिलाफ केस दर्ज कराया. कोर्ट के आदेश पर फरवरी के पहले हफ्ते में उन्हें तिहाड़ जेल जाना पड़ा था.

यह भी पढ़ें: भतीजी की विदाई में भावुक हुए राजपाल यादव, चेक बाउंस मामले में गये थे जेल