नेहा धूपिया का छलका दर्द, बोलीं- मेरी स्माइल को बताया गया था खराब
Neha Dhupia: नेहा धूपिया ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक दर्दनाक अनुभव साझा किया. एक कास्टिंग डायरेक्टर के स्माइल को लेकर किए गए कमेंट ने उनके आत्मविश्वास को गहरा असर पहुंचाया. एक्ट्रेस ने बताया कि इस घटना के बाद वह लंबे समय तक खुलकर मुस्कुराने से बचती रहीं.
Neha Dhupia: बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई अभिनेत्रियां अपने करियर के शुरुआती दिनों में लुक्स और खूबसूरती को लेकर किए गए कमेंट्स का सामना कर चुकी हैं. अब अभिनेत्री नेहा धूपिया ने भी अपने संघर्ष के दिनों का एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने लंबे समय तक उनके आत्मविश्वास को प्रभावित किया. नेहा ने बताया कि एक कास्टिंग डायरेक्टर की बात ने उन्हें इस कदर परेशान कर दिया था कि वह कई सालों तक खुलकर मुस्कुराने से बचती रहीं.
ऑडिशन के दौरान मिला था अजीब कमेंट
हाल ही में अपने शो ‘डबल डेट’ के एक एपिसोड में नेहा धूपिया ने इंडस्ट्री के शुरुआती दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि जब वह नई-नई इंडस्ट्री में आई थीं, तब एक टीवी शो के ऑडिशन के लिए जा रही थीं. उसी दौरान एक कास्टिंग डायरेक्टर ने उनकी मुस्कान को लेकर ऐसा कमेंट कर दिया, जिसने उन्हें अंदर तक हिला दिया.
नेहा ने बताया कि जैसे ही वह मुस्कुराईं, सामने बैठे कास्टिंग डायरेक्टर ने कहा कि उन्हें मुस्कुराना नहीं चाहिए क्योंकि वह बिना मुस्कुराए ज्यादा प्रभावशाली लगती हैं. यह बात सुनकर वह काफी असहज हो गई थीं.
कई सालों तक नहीं कर पाईं खुलकर स्माइल
अभिनेत्री ने कहा कि उस एक टिप्पणी का असर उनके मन पर इतना गहरा पड़ा कि उन्होंने अपनी मुस्कान को लेकर खुद पर शक करना शुरू कर दिया. यहां तक कि जब उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता, तब भी उनकी तस्वीरों में वह खुलकर मुस्कुराती नजर नहीं आईं.
नेहा के मुताबिक, इस डर और असुरक्षा से बाहर निकलने में उन्हें करीब आठ से दस साल का समय लगा. उन्होंने यह भी कहा कि उस दौर में वह खुद को लेकर काफी असहज महसूस करने लगी थीं.
मिस यूनिवर्स हारने का भी पड़ा असर
नेहा धूपिया ने बातचीत में यह भी खुलासा किया कि मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हारने के बाद उनका आत्मविश्वास और ज्यादा कमजोर हो गया था. उस हार से उबरने में उन्हें कई महीने लगे. हालांकि समय के साथ उन्होंने खुद को संभाला और इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई.
वेब सीरीज में नजर आई थीं नेहा
वर्कफ्रंट की बात करें तो नेहा धूपिया हाल ही में वेब सीरीज ‘परफेक्ट फैमिली’ में नजर आई थीं. इस सीरीज में कॉमेडी और फैमिली ड्रामा का मिश्रण देखने को मिला था, जिसे दर्शकों ने पसंद किया.
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान से लेकर आलिया भट्ट तक, करण जौहर ने क्यों किया सबको अनफॉलो? खुद बताई वजह
