पवन सिंह के नाम पर गुस्साईं अक्षरा? बोलीं- कोई चैन से जीने नहीं दे रहा

भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने एक पॉडकास्ट में अपने अतीत को लेकर बार-बार उठ रहे सवालों पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि पवन सिंह से जुड़ा मामला पुराना हो चुका है, फिर भी उन्हीं से सवाल किए जाते हैं.

By Divya Keshri | February 26, 2026 11:23 AM

एक समय था जब अक्षरा सिंह और पवन सिंह के रिश्ते की खबरें सुर्खियों में रहती थी. दोनों की नजदीकियां और फिर अलगाव ने इंडस्ट्री में खूब हलचल मचाई थी. ब्रेकअप के बाद मामला काफी विवादित हो गया था. अक्षरा ने पहले भी आरोप लगाए थे कि अलग होने के बाद उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया और धमकियां भी दी गईं. अब एक्ट्रेस ने एक पॉडकास्ट में कहा कि उनसे बार-बार पावर स्टार के बारे में क्यों सवाल पूछा जाता है.

इस बात से परेशान हुई अक्षरा सिंह

सिद्धार्थ कन्नन संग बातचीत में भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने कहा, “इस बात को जमाना बीत चुका है. मुझे भी अपना जीवन बसाना है. एक ही जगह उलझ कर नहीं रह सकती. वो 10 जगह लड़कियों के साथ इधर-उधर घूम रहा है, उससे कोई सवाल नहीं पूछ रहा है. मुझे कोई चैन से जीने नहीं दे रहा है. क्या सिर्फ इसलिए मैं एक लड़की हूं? क्या ये मेरा गुनाह है? एक अफेयर हो गया तो क्या हो गया, फिर मुझे फांसी पर लटका दो. अगर हर दूसरे-तीसरे दिन मेरे ऊपर ऐसे सवाल उठते रहेंगे, सोशल मीडिया पर मेरी रील्स बना दी जाएंगी, मेरे वीडियोज को उसके साथ लिंक करके दिखाया जाएगा, तो मेरा जीवन कभी बच ही नहीं पाएगा.”

अक्षरा सिंह का गुस्सा

अक्षरा सिंह ने अपने अतीत को लेकर लगातार होने वाली चर्चा पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा,“हर दिन इसके बारे में बात क्यों करें? वो 10 जगह मुंह मारे जा रहा है, वो पब्लिकली है… यह हर जगह है. उसका चरित्र क्या है, फिर भी लोग उससे क्यों नहीं पूछ रहे कि तुमने लाइफ में क्या किया होगा? मैं क्यों इस सवाल का जवाब दूं? मैं इस पर चर्चा नहीं करती.” जब अक्षरा से पूछा गया कि क्या उनके मन में अब भी उसके लिए कोई भावना बाकी है, तो एक्ट्रेस ने जवाब दिया, “वो कौन है?”

पवन सिंह पर अक्षरा सिंह के गंभीर आरोप

अक्षरा ने पहले कई बार खुलकर अपने अनुभव साझा किए हैं और पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह ने कहा था कि रिश्ते के दौरान उनके साथ कई बार मारपीट हुई. उन्होंने दावा किया कि उन्हें बंद कमरे में पीटा गया. उस समय वह पवन सिंह से बेहद प्यार करती थी और उनके साथ भविष्य देखती थी. अक्षरा ने यह भी आरोप लगाया कि एक्टर चाहते थे कि वह स्टेज पर जाने से पहले दोनों हाथों से उनके पैर छुएं. अगर ऐसा नहीं होता, तो उन्हें ताने सुनने पड़ते थे.

यह भी पढ़ें: शिवानी सिंह ‘रे सहेलिया’ गाना रिलीज, वीडियो में मची होली की धूम