CUET UG एग्जाम में गड़बड़ी, अब NTA देगा दूसरा मौका

CUET UG 2026 Exam: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) में शामिल हुए कुछ छात्रों के लिए 30 मई का दिन काफी चुनौतीपूर्ण रहा. सुबह की पहली शिफ्ट में कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी की वजह से परीक्षा प्रभावित हुई. इससे कई छात्र समय पर अपना पेपर पूरा नहीं कर पाए और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा.

By Ravi Mallick | May 30, 2026 6:20 PM

CUET UG 2026 Exam: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) परीक्षा के दौरान हुई इस समस्या के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ गई थी. हालांकि अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस मामले पर बड़ा अपडेट जारी किया है.

30 मई को CUET UG 2026 की पहली शिफ्ट की परीक्षा शुरू होने से पहले कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्या आ गई थी. इसकी वजह से परीक्षा शुरू होने में देरी हुई. NTA ने कहा है कि इससे छात्रों को हुई परेशानी और तनाव को वह समझता है और इसके लिए खेद जताया है.

NTA ने दी अपडेट

NTA ने तकनीकी सेवा देने वाली कंपनी TCS iON को इस गड़बड़ी की पूरी जांच करने और जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. एजेंसी के मुताबिक, लगभग 95 प्रतिशत उम्मीदवारों ने तकनीकी समस्या दूर होने के बाद अपनी परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी कर ली. हालांकि, 3,765 ऐसे उम्मीदवार थे जिन्होंने बायोमेट्रिक सत्यापन करा लिया था और परीक्षा केंद्र पर मौजूद भी थे, लेकिन परीक्षा दोबारा शुरू होने से पहले ही केंद्र छोड़कर चले गए.

CUET UG 2026 Exam: NTA देगा एक और मौका

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने माना कि इस तकनीकी रुकावट से छात्रों को परेशानी हुई है. NTA के अनुसार प्रभावित उम्मीदवारों के लिए जल्द ही नई परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी जानकारी जारी की जाएगी. इससे उन छात्रों को राहत मिलेगी जिनका पेपर बीच में प्रभावित हो गया था.

TCS ने बताई गड़बड़ी की वजह

CUET परीक्षा के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी TCS ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने बताया कि सुबह की शिफ्ट में एक संक्षिप्त तकनीकी समस्या सामने आई थी.

उनके मुताबिक इस समस्या की वजह से परीक्षा शुरू होने में करीब दो घंटे की देरी हुई. जैसे ही समस्या की जानकारी मिली, तकनीकी टीमों ने तुरंत काम शुरू किया और उसे ठीक कर दिया. इसके बाद परीक्षा सामान्य रूप से फिर शुरू कर दी गई.

यह भी पढ़ें: देश के टॉप 10 IITs में शामिल है IIT Roorkee, जानें क्यों है छात्रों की पहली पसंद