महंगे पेट्रोल और बढ़ते ट्रैफिक के दौर में अब बड़ी संख्या में लोग ऐसे टू-व्हीलर की तलाश कर रहे हैं, जो जेब पर भारी भी न पड़े और रोजमर्रा के छोटे सफर को आसान भी बना दे. अच्छी बात यह है कि भारतीय बाजार में कुछ ऐसे लो-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर मौजूद हैं जिन्हें चलाने के लिए न तो ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत होती है और न ही आरटीओ रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है. अगर आपका रोज का सफर घर से ऑफिस, कॉलेज, बाजार या आसपास के इलाके तक ही सीमित है, तो ये स्कूटर आपके लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प बन सकते हैं.
आखिर क्यों नहीं पड़ती लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की जरूरत?
भारत में जिन इलेक्ट्रिक स्कूटर की अधिकतम रफ्तार 25 किमी प्रति घंटा तक होती है, वे लो-स्पीड कैटेगरी में आते हैं. मौजूदा नियमों के अनुसार ऐसे स्कूटरों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस और आरटीओ रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं है. यही वजह है कि स्टूडेंट्स, महिलाओं, सीनियर सिटीजंस और छोटे शहरों में रहने वाले लोगों के बीच इनकी मांग लगातार बढ़ रही है.
Yulu Wynn: शहर के अंदर रोजाना सफर के लिए बढ़िया चॉइस
अगर आपका इस्तेमाल मुख्य रूप से शहर के अंदर आने-जाने के लिए है, तो Yulu Wynn पर भी विचार किया जा सकता है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 55,555 रुपये है. इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों में चलाने के लिए काफी सुविधाजनक माना जाता है.
इसमें स्वैपेबल लिथियम-आयन बैटरी मिलती है, जिसे जरूरत के अनुसार आसानी से चार्ज या बदल सकते हैं. यह स्कूटर एक बार चार्ज होने पर लगभग 68 किलोमीटर तक चल सकता है. साथ ही इसमें कीलेस एंट्री जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलती हैं.
Deltic Costa: स्टाइल और रेंज दोनों का संतुलन
अगर आप थोड़ा बेहतर डिजाइन और लंबी रेंज चाहते हैं तो Deltic Costa भी अच्छा विकल्प हो सकता है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 49,868 रुपये है. कंपनी इसमें 48V लीड-एसिड और 60V लिथियम-आयन बैटरी का विकल्प देती है, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से मॉडल चुन सकते हैं.
फुल चार्ज पर यह करीब 70 किलोमीटर तक चल सकता है. इसकी स्पीड भी 25 किमी प्रति घंटा से कम रहती है, इसलिए इस पर भी लाइसेंस और आरटीओ रजिस्ट्रेशन की अनिवार्यता नहीं होती.
यह भी पढ़ें: हेलमेट से लेकर ग्रॉसरी तक सब आ जाएगा! बड़े बूट स्पेस वाले ये इलेक्ट्रिक स्कूटर्स डेली लाइफ बना देंगे आसान
यह भी पढ़ें: 141km/h की रफ्तार से दौड़ सकता है यह इलेक्ट्रिक स्कूटर, रेंज भी 320KM तक, फीचर्स भी कमाल
Komaki X-One: कम बजट वालों के लिए शानदार विकल्प
अगर आपका बजट काफी सीमित है तो Komaki X-One पर नजर डाल सकते हैं. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 35 हजार रुपये है. यह अपने सेगमेंट के सबसे किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटरों में गिना जाता है. इसमें ग्राफिन बैटरी दी गई है और एक बार चार्ज करने पर यह 60 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकता है.
इसकी टॉप स्पीड 25 किमी प्रति घंटा है, इसलिए इसे चलाने के लिए लाइसेंस या नंबर प्लेट की जरूरत नहीं पड़ती. हल्का वजन और आसान हैंडलिंग इसे रोजाना की छोटी दूरी के लिए उपयोगी बनाती है.
खरीदने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
लो-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर उन लोगों के लिए सबसे बेहतर हैं, जिनका रोजाना सफर सीमित दूरी तक होता है. हालांकि, अगर आपको हाईवे पर लंबी दूरी तय करनी है या अधिक स्पीड की जरूरत रहती है, तो हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर ज्यादा उपयुक्त रहेंगे. कीमतों में बदलाव संभव है. खरीदारी से पहले बैटरी की वारंटी, सर्विस नेटवर्क, चार्जिंग सुविधा और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता जरूर जांच लें. सही मॉडल चुनने पर यह स्कूटर पेट्रोल खर्च में अच्छी बचत करा सकते हैं और रोजाना का सफर भी आसान बना सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 150km की रेंज वाले 50 हजार के इस इलेक्ट्रिक स्कूटर के बारे में जानेंगे तो अपना पेट्रोल स्कूटर भूल जाएंगे आप
यह भी पढ़ें: सिर्फ रेंज देखकर खरीदने जा रहे EV स्कूटर? ये 5 बातें बचा सकती हैं आपके हजारों रुपये
