दुल्हन को सिर्फ वीडियो कॉल पर देखा, 9 दिन बाद ही मांगने लगा तलाक, जानें क्या हुआ ऐसा

Viral News : महिला से कभी आमने-सामने मुलाकात किए बिना और उसके परिवार से ठीक से बातचीत किए बिना ही शख्स ने शादी के लिए हामी भर दी. सिर्फ वीडियो कॉल पर हुई बातचीत के आधार पर परिवार ने विवाह संबंधी काम को आगे बढ़ाने का फैसला कर लिया. नीचे पढ़ें क्या हुआ उसके बाद.

By Amitabh Kumar | June 21, 2026 11:12 AM

Viral News : ये कहानी है चीन के 32 वर्षीय एक व्यक्ति की. उसने ऐसा काम कर दिया जिसकी चर्चा अब पूरी दुनिया में हो रही है. उसने ऐसी महिला से शादी करने के लिए करीब 36 लाख रुपये खर्च कर दिए, जिससे वह कभी आमने-सामने नहीं मिला था. शादी के महज 9 दिन बाद ही उसे अपने फैसले पर पछतावा हुआ और उसने तलाक लेने की मांग कर दी. तो आइए जानते हैं कि इन नौ दिनों में उसके साथ ऐसा क्या हुआ.

पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के रहने वाले गू उपनाम के इस शख्स ने बताया कि वह अपने परिवार का इकलौता बेटा है. उसके मुताबिक, माता-पिता की शादी को लेकर लगातार बढ़ती चिंता और दबाव की वजह से उसने जल्दबाजी में इस रिश्ते के लिए हामी भर दी और शादी का फैसला ले लिया.

स्थानीय मैट्रिमोनियल सेंटर ने क्या कहा गू से

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, गू ने स्थानीय मैट्रिमोनियल सेंटर की सदस्यता लेने के लिए 200 युआन (करीब 2,700 रुपये) चुकाए थे. इसके बाद सेंटर ने उसकी मुलाकात उसके इलाके की तीन महिलाओं से कराई, लेकिन किसी ने भी उसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई. इससे उसकी शादी की तलाश और मुश्किल हो गई. इसके बाद मैचमेकर ने गू और उसके परिवार को दूसरे प्रांतों में दुल्हन तलाशने का सुझाव दिया. उसने भरोसा दिलाया कि महज दो दिनों के भीतर शादी तय करवाई जा सकती है. इस आश्वासन के बाद गू और उसके परिवार ने आगे की प्रक्रिया जारी रखने के लिए हामी भर दी.

अप्रैल में एजेंसी ने गू की मुलाकात शान्शी प्रांत की 30 वर्षीय महिला से कराई. एजेंसी द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि महिला पर कोई कर्ज नहीं है. उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह किसी गंभीर बीमारी से भी पीड़ित नहीं है. प्रोफाइल में यह भी दावा किया गया कि महिला जल्द शादी करने और विवाह के बाद दूर जाकर बसने के लिए तैयार है.

दोनों के बीच सिर्फ 5 मिनट की वीडियो कॉल हुई

शादी का फैसला लेने से पहले दोनों के बीच सिर्फ 5 मिनट की वीडियो कॉल हुई थी. गू ने बताया कि उसने महिला से उसके परिवार और नौकरी के बारे में पूछा, जिस पर उसने खुद को सेल्सपर्सन बताया. हालांकि, बाकी ज्यादातर सवालों के जवाब मैचमेकर ने ही दिए. एजेंसी ने यह वादा भी किया था कि शादी से पहले महिला की क्रेडिट हिस्ट्री और प्री-मैरिटल मेडिकल जांच की रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी. एजेंसी की बातों पर भरोसा करते हुए गू और उसके परिवार ने बिना महिला से आमने-सामने मिले और उसके परिवार से बातचीत किए ही शादी के लिए हामी भर दी.

शादी के लिए कितने खर्च किये गू के परिवार ने

रिपोर्ट के मुताबिक, इस शादी पर गू के परिवार ने कुल 2.65 लाख युआन (करीब 36 लाख रुपये) खर्च किए. इसमें दुल्हन पक्ष को दिया गया 1 लाख युआन (करीब 13.9 लाख रुपये) और मैचमेकिंग एजेंसी की 1.6 लाख युआन (करीब 22.2 लाख रुपये) की फीस भी शामिल थी. इसके बाद मैचमेकर महिला को लेकर झेजियांग पहुंचा और महज तीन दिन बाद दोनों ने शादी का रजिस्ट्रेशन करा लिया. हैरानी की बात यह थी कि उस समय तक गू का परिवार दुल्हन के माता-पिता से कभी मिला भी नहीं था. शादी तो हो गई, लेकिन इसके तुरंत बाद रिश्ते में समस्याएं सामने आने लगीं और हालात बिगड़ने लगे.

ऐसे खुल गई दुल्हन की पोल

शादी के बाद मैचमेकिंग सेंटर ने जिन दस्तावेजों का वादा किया था, वे कभी उपलब्ध नहीं कराए गए. इसके बाद जब गू अपनी पत्नी को बैंक लेकर गया और उसकी क्रेडिट रिपोर्ट निकलवाई, तो उसे पता चला कि उस पर करीब 1 लाख युआन (लगभग 14 लाख रुपये) का कर्ज है. महिला ने सफाई देते हुए कहा कि यह कर्ज उसके पूर्व प्रेमी से जुड़ा है और उसका इससे कोई लेना-देना नहीं है. गू की टेंशन तब और बढ़ गई जब उसने देखा कि उसकी पत्नी के मोबाइल पेमेंट अकाउंट से जुड़ा नाम उस नाम से अलग था, जिससे वह उसे जानता था. अगले ही दिन महिला ने यह भी बताया कि उसके लिवर एंजाइम का स्तर बढ़ा हुआ है और उसे वजन कम करने की जरूरत है. हालांकि, उसने यह दावा किया कि इस स्वास्थ्य स्थिति का उसकी मां बनने की क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

9 दिन बाद ही गू ने तलाक की मांग कर दी

शादी के महज 9 दिन बाद ही गू ने तलाक की मांग कर दी. उसका कहना था कि बिना अपनी जीवनसाथी को अच्छी तरह जाने-समझे इतना बड़ा फैसला लेना उसकी बड़ी गलती थी. गू ने कहा कि जल्दबाजी में की गई शादी पर उसे अब पछतावा हो रहा है.

महिला ने किया अदालत का रुख

शुरुआत में महिला तलाक के लिए तैयार हो गई थी, लेकिन बाद में उसने अपना फैसला बदल दिया और गू के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया. महिला का आरोप है कि गू के इस फैसले से वह अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई, उसने मेडिकल रिपोर्ट भी अदालत में पेश की. उसने गू से 50,000 युआन (करीब 7 लाख रुपये) मुआवजे की मांग भी की और आरोप लगाया कि वह उस पर मेकअप करने, घर के कामकाज संभालने और नौकरी ढूंढ़ने का दबाव बना रहा था.

इस बीच गू ने मैचमेकिंग एजेंसी के खिलाफ अलग से मुकदमा दायर कर 1.6 लाख युआन (करीब 22 लाख रुपये) की फीस वापस करने की मांग की. हालांकि, एजेंसी ने पैसा लौटाने से इनकार कर दिया. उसका कहना था कि उसने दोनों की मुलाकात कराकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी थी.