Video: बचा लो- बचा लो… भूकंप के मलबे से आ रही हैं आवाजें, वेनेजुएला में आपदा ने मचाया ऐसा कहर

Venezuela Earthquake Trapped Survivors Video: वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद ला गुआइरा से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मलबे के नीचे फंसे लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं. राहत दल लगातार लोगों को बचाने में जुटे हैं.

By Anant Narayan Shukla | June 26, 2026 12:56 PM

Venezuela Earthquake Trapped Survivors Video: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. इसी बीच सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल ला गुआइरा से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है. वायरल वीडियो में ढही हुई इमारतों के मलबे के नीचे फंसे लोगों की आवाजें साफ सुनाई दे रही हैं. वे मदद के लिए पुकार रहे हैं. ऊपर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाया है. उन्हें सुरक्षित निकालने की हरसंभव कोशिश की जा रही है.

बुधवार को वेनेजुएला में महज एक मिनट के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए. इन झटकों ने कई शहरों में भारी तबाही मचाई. अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4,300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. हजारों लोगों के लापता होने की आशंका भी जताई जा रही है. राहत एजेंसियों का कहना है कि सबसे ज्यादा नुकसान उत्तरी राज्य ला गुआइरा में हुआ है, जहां कई इमारतें जमींदोज हो गईं और बड़ी संख्या में लोग मलबे में दब गए.

जमींदोज बिल्डिंग के मलबे से पुकार रहे लोग

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बचावकर्मी ढही हुई इमारतों के बीच खड़े दिखाई देते हैं. इसी दौरान मलबे के नीचे से लोगों की आवाजें सुनाई देती हैं. ये आवाजें उन लोगों की हैं, जो अब भी जिंदा हैं और मदद का इंतजार कर रहे हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक छेद जैसी जगह पर एक लड़का इशारा करता है. वह कुछ पूछता है, जिस पर अंदर से आवाज आती है. 

इसके बाद वह गिरी हुई बिल्डिंग के अंदरूनी हिस्से में पड़े मलबे की ओर इशारा करता है. वहां संभवतः कोई महिला फंसी हुई है. वह उससे भी पूछता है, वह भी कुछ जवाब देती है.   वीडियो सामने आने के बाद दुनिया भर के लोग पीड़ितों की सलामती की दुआ कर रहे हैं और बचाव अभियान में लगे राहतकर्मियों से इन्हें बचाने की अपील कर रहे हैं.

कई लोगों को जिंदा निकाला जा चुका है

राहत अभियान के दौरान अब तक कई चमत्कारी बचाव भी देखने को मिले हैं. मलबे से एक शिशु, 12 साल का एक बच्चा और एक महिला को जीवित निकाला गया है. इतना ही नहीं, बचाव दल ने लंबे समय तक मलबे में दबे एक कुत्ते और बिल्ली को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इन घटनाओं ने राहतकर्मियों और अपने परिजनों की तलाश कर रहे लोगों के बीच उम्मीद को जिंदा रखा है.

ये भी पढ़ें:- वेनेजुएला में चमत्कार! भूकंप के मलबे से जिंदा निकला दुधमुंहा बच्चा, धरती चीरकर निकाले जा रहे लोग, देखें नायाब करिश्मे के Vidoes

सरकार ने मांगी भारी मशीनें

वेनेजुएला सरकार ने राहत कार्य तेज करने के लिए भारी निर्माण मशीनों की मांग की है. कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा, ‘हमारी कोशिश है कि जितने ज्यादा लोगों को जिंदा बचाया जा सके, उतना बेहतर होगा.’ उन्होंने भूकंप के 6 घंटे के अंदर ही देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है. 

ये भी पढ़ें:- NATO चीफ के बयान पर भड़कीं मेलोनी, उतारी मंत्रियों की फौज; ईरान में करवाया फोन, ट्रंप से भी जुड़ा है मामला

समय के खिलाफ दौड़ जारी

अधिकारियों के अनुसार, करीब 200 लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं. वहीं, लगभग 250 इमारतें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं. अंतरराष्ट्रीय राहत दल भी वेनेजुएला पहुंचने लगे हैं. अमेरिका ने मानवीय आधार पर वेनेजुएला पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटा दिया है. वहीं देश के बचावकर्मी लगातार मलबा हटाकर लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि हर बीतते घंटे के साथ जीवित लोगों को बचाने की उम्मीद कम होती जा रही है.