वेनेजुएला में चमत्कार! भूकंप के मलबे से जिंदा निकला दुधमुंहा बच्चा, धरती चीरकर निकाले जा रहे लोग, देखें नायाब करिश्मे के Vidoes

Venezuela Earthquake Rescue Infant: वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है. अब तक 235 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन लोग बचाए भी जा रहे हैं. इसमें सबसे सुखद रहा मलबे से एक शिशु, 12 साल का बच्चा, एक महिला और एक कुत्ते का जिंदा निकलना. ये सभी लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण बन गया है.

By Anant Narayan Shukla | June 26, 2026 10:43 AM

Venezuela Earthquake Rescue Infant: वेनेजुएला में आए भीषण भूकंपों ने पूरे देश को गहरे संकट में डाल दिया है. सैकड़ों लोगों की मौत और हजारों के घायल होने के बीच राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. इसी बीच मलबे से जिंदा निकले एक शिशु, 12 साल के बच्चे, एक महिला और यहां तक कि एक कुत्ते को मलबे की धरती चीरकर निकाला गया है. इसने इस भयावह त्रासदी के बीच उम्मीद की नई किरण जगाई है.

बुधवार को वेनेजुएला में एक मिनट के भीतर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए. इस आपदा में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं. हजारों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव अभियान का सबसे बड़ा केंद्र उत्तरी क्षेत्र ला गुआइरा बना हुआ है. यहां बचाव दल और स्थानीय स्वयंसेवक भारी मलबे के बीच लगातार जीवित लोगों की तलाश में जुटे हैं.

मलबे से जिंदा निकला मासूम, बचाव दल की आंखों में आ गए आंसू

राहत अभियान के दौरान सबसे भावुक पल तब सामने आया जब एक ढही हुई इमारत के मलबे से एक दुधमुंहे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बचावकर्मी बच्चे को सुरक्षित निकालते ही खुशी से चिल्लाते और भावुक होते नजर आए. 

हैरानी की बात यह रही कि लंबे समय तक मलबे में दबे रहने के बावजूद बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई. यह घटना अपने आप में गजब का करिश्मा साबित हो रही है. इस घटना ने परिजनों की तलाश कर रहे लोगों और राहतकर्मियों के लिए उम्मीद का बड़ा संदेश दिया है.

इसी तरह वेनेजुएला की बोलिवेरियन नेशनल पुलिस कॉर्प्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी ला गुआइरा में एक और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की. इस बच्चे की उम्र भी 5 साल से कम ही लग रही है. इन दोनों बच्चों के जिंदा बचने की खबरों ने इस भयावह त्रासदी में एक सुखद संदेश दिया है. 

घंटों की मशक्कत के बाद बचाया गया 12 साल का बच्चा

ला गुआइरा में ही बचाव दल ने कई घंटे तक चले अभियान के बाद मलबे में दबे 12 साल के एक बच्चे को जीवित बाहर निकाल लिया. उसकी सुरक्षित बरामदगी से राहतकर्मियों का हौसला और बढ़ा है. प्रभावित इलाकों में अब भी सैकड़ों लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.

इसी दौरान एक महिला को भी मलबे से जीवित बाहर निकाल लिया गया.

एक वृद्ध पुरुष को भी रेस्क्यूअर्स ने बाहर निकाला. वेनेजुएला में राहतकर्मी दिन रात कड़ी मशक्कत के साथ लोगों को बचाने में लगे हुए हैं.

मलबे के नीचे जिंदा मिला कुत्ता

इस भीषण आपदा में सिर्फ इंसानों की ही नहीं, बल्कि एक पालतू कुत्ते की भी जान बचाई गई. लंबी तलाश के बाद बचाव दल ने मलबे के नीचे दबे एक कुत्ते को जीवित निकाला. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुत्ता पानी पीता और बचावकर्मियों की गोद में सुरक्षित बाहर आता दिखाई दिया. इस दृश्य ने लोगों को भावुक कर दिया.

अब भी जारी है समय के खिलाफ जंग

इन भावुक घटनाओं के बावजूद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. यह भूकंप पिछले सौ वर्षों में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है. इसके कारण बड़ी संख्या में इमारतें जमींदोज हो गईं, अस्पतालों को नुकसान पहुंचा, बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो गईं तथा हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े.

ये भी पढ़ें:- भारत के ‘चिकन नेक’ पर चीन को ले आए तारिक रहमान! बांग्लादेश की डील ने बढ़ाई चिंता

ये भी पढ़ें:- NATO चीफ के बयान पर भड़कीं मेलोनी, उतारी मंत्रियों की फौज; ईरान में करवाया फोन, ट्रंप से भी जुड़ा है मामला

अधिकारियों के अनुसार, करीब 200 लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं. वहीं लगभग 250 इमारतें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं. दुनिया के कई देशों से अंतरराष्ट्रीय राहत दल और सहायता सामग्री वेनेजुएला पहुंचने लगी है. बचावकर्मी समय के खिलाफ दौड़ लगा रहे हैं, क्योंकि हर गुजरते घंटे के साथ मलबे में फंसे लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है.