Venezuela Earthquake Aftermath: वेनेजुएला में पिछले सप्ताह आए दो-दो भूकंप के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. अमेरिकी न्यूज चैनल CNN की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 1900 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. यह आंकड़ा एक दिन पहले की तुलना में लगभग 200 अधिक है. नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रामिरेज़ ने मंगलवार को मृतकों की संख्या की पुष्टि की. हालांकि मरने वालों का आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है. क्योंकि कई जगहों से मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार इस भीषण आपदा में हजारों लोगों के मारे जाने की आशंका है. संयुक्त राष्ट्र के वेनेजुएला स्थित रेजिडेंट और मानवीय समन्वयक जियानलुका रैम्पोला ने बताया कि सरकार और संयुक्त राष्ट्र संभावित बढ़ते मृतकों को देखते हुए 10,000 शव बैग खरीदने की तैयारी कर रहे हैं.
राहत कार्यों में संसाधनों की भारी कमी
भूकंप प्रभावित ला गुआइरा सहित कई इलाकों में लोग अब भी मलबे में अपनों की तलाश कर रहे हैं. CNN की रिपोर्ट के अनुसार, राहत कार्य संसाधनों की कमी से प्रभावित हो रहे हैं. एक सरकारी खुदाई मशीन का ऑपरेटर ने बताया कि मशीन इसलिए बंद पड़ी है क्योंकि उसमें ईंधन भराने के लिए पेट्रोल नहीं है.
ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारत की मदद जारी
भूकंप के बाद भारत ने ऑपरेशन अमिस्ताद (Operation Amistad) के तहत मेडिकल सहायता अभियान शुरू किया है. भारतीय डॉक्टरों और चिकित्सा दलों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत और इलाज का कार्य कर रही हैं. इस दौरान डॉक्टर्स डे के मौके पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारतीय डॉक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से वेनेजुएला में तैनात मेडिकल टीमों की सराहना की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि समाज की सेवा के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है और ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत उनका योगदान सराहनीय है.
विदेश मंत्रालय ने साझा किए राहत कार्यों के दृश्य
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को ऐसे वीडियो और तस्वीरें साझा कीं, जिनमें भारतीय सेना के फील्ड हॉस्पिटल द्वारा प्रभावित लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता देते हुए दिखाया गया है. विदेश मंत्रालय की ओर से शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में स्थानीय वेनेजुएलावासियों ने भारत का आभार व्यक्त किया. एक नागरिक ने कहा कि इस कठिन समय में भारतीय मेडिकल टीमों की ओर से दी जा रही सेवा और देखभाल बेहद सराहनीय है और वे इसके लिए हमेशा भारत के आभारी रहेंगे.
करीब 59 हजार इमारतें क्षतिग्रस्त
नासा के शोधकर्ताओं के अपने आकलन में बताया है कि मध्य और उत्तरी वेनेजुएला में आए दोहरे भूकंपों से करीब 58,870 इमारतें क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो गई हैं. राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में लगातार बचाव, चिकित्सा सहायता और पुनर्वास कार्यों में जुटी हुई हैं.
