अमेरिका ने भारत को दी राहत, रूस से जुड़े प्रतिबंधों की लिस्ट से हटाई 4 भारतीय कंपनियां

US sanctions: अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने रूस से जुड़े प्रतिबंधों के तहत यानी अंतरराष्ट्रीय व्यापार और प्रतिबंध ( SDN ) सूची में शामिल चार भारतीय कंपनियों को बैन लिस्ट से हटा दिया. यह फैसला OFAC की ताजा समीक्षा के तहत लिया गया, जिसमें प्रतिबंधित संस्थाओं की सूची भी अपडेट की गई.

By Satyendra Giri | July 1, 2026 12:04 PM

US sanctions : अमेरिका द्वारा भारत की चार कंपनियों को राहत देने से इन कंपनियों के अंतरराष्ट्रीय कारोबार और वित्तीय लेन-देन पर पहले से लगी कई पाबंदियां खत्म हो सकती हैं. अमेरिका के इस फैसले से दोनों देशों के संबंधों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.

किन कंपनियों को मिली राहत

जिन भारतीय कंपनियों के नाम प्रतिबंध सूची से हटाए गए हैं, उनमें हैदराबाद की RRG Engineering Technologies Pvt. Ltd., Lokesh Machines Ltd., अहमदाबाद की Galaxy Bearings Ltd. और दिल्ली की Shaurya Aeronautics Pvt. Ltd. शामिल हैं. ये कंपनियां पहले रूस से जुड़े मामलों के कारण अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में आई थीं.

क्यों लगाया गया था प्रतिबंध

इन चारों भारतीय कंपनियों को पहले अमेरिकी Executive Order 14024 के तहत प्रतिबंधित किया गया था. यह आदेश रूस से जुड़े कारोबार और गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए बनाया गया है. इस वजह से इन कंपनियों को अमेरिकी वित्तीय व्यवस्था और कुछ अंतरराष्ट्रीय लेन-देन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था.

OFAC ने और क्या कहा

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने बताया कि उसने जनवरी से मार्च 2026 के दौरान Trade Sanctions Reform and Export Enhancement Act (TSRA) के तहत जारी लाइसेंसों की तिमाही रिपोर्ट भी जारी की है. साथ ही, SDN सूची में कई नए नाम जोड़े गए और कुछ पुराने नाम हटाए गए हैं.

भारत के लिए क्या है इसका मतलब

भारतीय ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि इन कंपनियों के नाम प्रतिबंध सूची से हटने से भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को सकारात्मक संदेश मिलेगा. इससे संबंधित कंपनियों के लिए विदेशी निवेश, बैंकिंग और वैश्विक व्यापार करना पहले की तुलना में आसान हो सकता है. हालांकि, रूस से जुड़े प्रतिबंधों पर अमेरिका की सख्त नीति अभी भी जारी रहेगी.