सिएटल में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा: अमेरिकी इतिहास में पहली बार किसी शहर की सरकार ने लगाई मूर्ति

Swami Vivekananda: अमेरिका के सिएटल में स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण हुआ है. वेस्टलेक स्क्वायर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में लगी यह मूर्ति भारत और अमेरिका के मजबूत होते सांस्कृतिक रिश्तों की नई मिसाल है. खास बात यह है कि इसे दिग्गज मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत ने तैयार किया है.

By Govind Jee | April 12, 2026 2:40 PM

Swami Vivekananda: अमेरिका के सिएटल शहर ने एक नया इतिहास रच दिया है. सिएटल की सरकार ने अपने शहर के बीचों-बीच वेस्टलेक स्क्वायर पार्क में स्वामी विवेकानंद की आदमकद (लाइफ साइज) कांस्य प्रतिमा स्थापित की है. अमेरिका में यह पहली बार है जब किसी शहर की सरकार ने स्वामी विवेकानंद की मूर्ति को आधिकारिक तौर पर अपने सार्वजनिक स्थान पर जगह दी है.

मेयर और भारतीय महावाणिज्य दूत ने किया अनावरण

शनिवार को सिएटल की मेयर केटी विल्सन और भारत के महावाणिज्य दूत (Consul General) ने मिलकर इस प्रतिमा का उद्घाटन किया. भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह स्मारक अमेरिका में अपनी तरह का पहला है जिसे किसी सिटी गवर्नमेंट ने होस्ट किया है. यह प्रतिमा शहर के सबसे व्यस्त इलाके वेस्टलेक स्क्वायर” में लगाई गई है, जहां हर दिन करीब 4 लाख लोग आते हैं. यह जगह अमेजन हेडक्वार्टर (द स्फीयर्स) और सिएटल कन्वेंशन सेंटर से कुछ ही दूरी पर है.

समारोह में जुटे कई शहरों के दिग्गज

इस खास मौके पर ग्रेटर सिएटल इलाके के कई बड़े नेता शामिल हुए. इनमें सिएटल की मेयर केटी विल्सन के साथ केंट की मेयर डाना राल्फ, ऑबर्न की मेयर नैन्सी बैकस, तुकविला के मेयर टॉम मैकलियोड और किर्कलैंड की मेयर केली कर्टिस मौजूद रहीं. इनके अलावा भारतीय समुदाय के लोग और बेलेव्यू, बोथेल और रेडमंड जैसे शहरों की काउंसिल के सदस्य भी वहां पहुंचे.

ICCR की ओर से सिएटल को मिला खास तोहफा

मेयर केटी विल्सन ने अपने भाषण में कहा कि स्वामी विवेकानंद के इस स्मारक से सिएटल की समावेशी सोच (inclusive spirit) झलकती है. भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) ने सिएटल शहर को यह मूर्ति तोहफे में दी है. इसका अनावरण ICCR दिवस के मौके पर किया गया. इसका मकसद भारत और अमेरिका के बीच सांस्कृतिक रिश्तों और लोगों के आपसी जुड़ाव को और मजबूत करना है.

प्रसिद्ध मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत ने बनाई प्रतिमा

स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया को वेदांत और योग से परिचित कराया था. उनकी इस प्रतिमा को भारत के मशहूर मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत ने तैयार किया है. नरेश कुमावत की बनाई मूर्तियां दुनिया के 80 से ज्यादा देशों में लगी हुई हैं, जो भारतीय संस्कृति की पहचान बनी हुई हैं. 

ये भी पढ़ें: ट्रंप का प्लान: इस्लामाबाद में बातचीत फेल, अब ईरान की नौसैनिक घेराबंदी; वेनेजुएला जैसा एक्शन संभव