Super Typhoon : सुपर टाइफून बावी तेजी से अमेरिका के प्रशांत क्षेत्र गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीपों की ओर बढ़ रहा है. इस तूफान में 280 किमी/घंटा तक की लगातार हवाएं चल रही हैं, जबकि झोंकों की रफ्तार 333 किमी/घंटा तक पहुंच रही है. जॉइंट टाइफून वार्निंग सेंटर के मुताबिक, यह तूफान कैटेगरी-5 हरिकेन जितना शक्तिशाली और बेहद खतरनाक है.
अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने सुपर टाइफून बावी को बेहद खतरनाक तूफान बताया है. एजेंसी ने चेतावनी दी है कि सोमवार (6 जुलाई) की शुरुआत में इसके गुजरने के दौरान तूफान की आंख (आईवॉल) के आसपास के इलाकों में बेहद तेज हवाएं, समुद्र में ऊंची लहरें और खतरनाक तूफानी ज्वार आ सकता है. इससे भारी तबाही मचने की आशंका है.
तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का असर शुरू
रविवार से ही गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीपों में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का असर शुरू हो गया. हालात को देखते हुए लोगों ने अपने घरों और दुकानों को सुरक्षित करने की तैयारी कर ली. प्रशासन ने सभी लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की है. करीब 2.1 लाख आबादी वाले इन द्वीपों पर सड़कें लगभग सुनसान दिखीं, जबकि पुलिस लगातार गश्त कर लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह देती रही.
कहां से गुजरेगा सुपर टाइफून बावी
अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के अनुसार, सुपर टाइफून बावी सोमवार सुबह करीब 8 बजे (स्थानीय समय) उत्तरी मारियाना द्वीपसमूह के सबसे दक्षिणी द्वीप रोटा के सबसे नजदीक से गुजरने की संभावना है. इससे वहां तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरों का खतरा बना हुआ है.
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद टेंशन में लोग
मौसम एजेंसी की चेतावनी के बाद लोग सुरक्षित जगहों पर पहुंचने और अपने घर-दुकानों को बचाने की तैयारी में जुट गए हैं. बिजली लंबे समय तक गुल रहने की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कई लोग अपने रेस्टोरेंट और घरों को प्लाईवुड से ढक रहे हैं. हालांकि, प्रशासन की चेतावनी के बावजूद गुआम के तालोफोफो बे में कुछ सर्फर ऊंची लहरों का मजा लेने पहुंच गए.
