तेहरान-कर्ज लाइफलाइन ब्रिज तबाह, 3300 करोड़ का ढांचा हमले में ढहा, बढ़ा तनाव

Tehran Karaj Bridge: ईरान में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़े हमले में तेहरान और कर्ज को जोड़ने वाला अहम पुल ध्वस्त हो गया है. इस घटना से दोनों शहरों के बीच संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है. इससे तनाव और बढ़ सकता है.

By Paritosh Shahi | April 3, 2026 8:05 PM

Tehran Karaj Bridge: ईरान में चल रहा तनाव अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. राजधानी तेहरान और पड़ोसी शहर कर्ज के बीच की सबसे अहम कड़ी यानी वहां का मुख्य मेगा ब्रिज एक हमले में पूरी तरह ध्वस्त हो गया है. यह पुल ईरान के लिए कितना जरूरी था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे बनाने में करीब 3300 करोड़ रुपये खर्च हुए थे.

दो हिस्सों में बंटकर नीचे गिर गया

तकरीबन 1 किलोमीटर लंबे और 136 मीटर ऊंचे इस विशाल पुल के टूटने से दोनों बड़े शहरों के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पुल बीच से दो हिस्सों में बंटकर नीचे गिर गया है. डिफेंस एक्सपर्ट्स का कहना है कि हालांकि इस हमले से ईरान की सेना को बहुत बड़ा नुकसान नहीं होगा, लेकिन आम जनता की मुश्किलें काफी बढ़ जाएंगी.रोजमर्रा के सामान की सप्लाई और लोगों का आना-जाना अब ठप हो गया है.

ईंट का जवाब पत्थर से देने की तैयारी में ईरान

इस हमले के बाद ईरान में गुस्से का माहौल है. जानकारों का मानना है कि ईरान अब ईंट का जवाब पत्थर से देने की तैयारी में है. कयास लगाए जा रहे हैं कि ईरान भी अब विरोधी देशों के किसी बड़े पुल या इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना सकता है. अगर ऐसा हुआ, तो क्षेत्र में युद्ध की आग और भड़क सकती है.

इसे भी पढ़ें: आईआरजीसी ने एफ-35 जेट गिराने का किया दावा, पायलट को भी बनाया बंधक