Ayatollah Ali Khamenei Funeral : ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई अपने पिता की दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में सार्वजनिक रूप से शामिल नहीं हुए. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, तेहरान में आयोजित अंतिम विदाई समारोह में हजारों लोग मौजूद थे, जबकि उनके भाई मसूद, मेसम और मुस्तफा लोगों के बीच दिखाई दिए, लेकिन मोजतबा की गैरमौजूदगी ने पूरे ईरान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इजराइली हमले से जुड़ रही कड़ियां
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 28 फरवरी को हुए इजराइली हवाई हमले में मोजतबा खामेनेई के घायल होने की आशंका जताई गई थी. इसी हमले में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई और ईरान के कई वरिष्ठ सैन्य व सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे. हालांकि, ईरानी प्रशासन ने मोजतबा की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
सुरक्षा कारण या रणनीतिक चुप्पी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मोजतबा खामेनेई को सुरक्षा कारणों से किसी गुप्त स्थान पर छिपाए गए हैं. इजराइल और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता मानी जा रही है. यही वजह हो सकती है कि उन्हें सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रखा गया हो.
यह भी पढ़ें- खामेनेई की अंतिम विदाई शुरू, 9 को होंगे सुपुर्द- ए- खाक, अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं हजारों लोग
उत्तराधिकारी बनने के बाद पहली बड़ी परीक्षा
पिता की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई को देश का सर्वोच्च धार्मिक और राजनीतिक नेतृत्व संभालना पड़ा है। ऐसे समय में उनका सार्वजनिक रूप से सामने न आना राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर रहा है। विपक्षी हलकों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या ईरान का नया नेतृत्व पूरी तरह सुरक्षित है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
मोजतबा खामेनेई की गैरमौजूदगी की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है. उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और ठिकाने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन ईरानी सरकार ने इन दावों की न तो पुष्टि की है और न ही खंडन. ऐसे में उनकी अनुपस्थिति फिलहाल रहस्य बनी हुई है.
यह भी पढ़ें- ईरान में बढ़ा सस्पेंस, अली खामेनेई के बेटे मोजतबा आखिर कहां हैं?
