रूस में भारतीय छात्रों पर चाकू से हमला, 4 घायल, एक की हालत गंभीर 

रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक के उफा शहर में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शनिवार को चाकू से हमला होने की घटना सामने आई है. इस हमले में 4 भारतीय छात्रों समेत कम से कम 6 लोग घायल हो गए हैं. मॉस्को की इंडियन एम्बेसी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. 

By Nishant Kumar | February 8, 2026 8:48 AM

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि उफा में हुए इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं. दूतावास ने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है. साथ ही कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए उफा निकल चुके हैं. 

क्या है पूरा मामला ? 

15 साल का एक लड़का हाथ में चाकू लेकर विदेशी छात्रों के हॉस्टल के प्ले हॉल में घुस गया. उसने वहां मौजूद छात्रों पर अचानक हमला कर दिया, जिससे हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया. इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. 

AIMSA ने PM मोदी को लिखा पत्र 

ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIMSA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रूस में पढ़ रहे भारतीय मेडिकल छात्रों की सुरक्षा और संरक्षण की अपील की है. AIMSA ने पत्र में कहा है कि हाल की घटनाओं को देखते हुए भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है और केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है कि वह रूसी प्रशासन से बात कर छात्रों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए. संगठन ने यह भी मांग की है कि भारतीय दूतावास और कांसलेट लेवल पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में छात्रों को तुरंत मदद मिल सके. 

रूस में भारतीय छात्रों पर चाकू से हमला, 4 घायल, एक की हालत गंभीर  2

रसियन ऑफिसियल ने क्या कहा ? 

रशियन होम मिनिस्ट्री की स्पोक्स्पर्सन मेजर जनरल इरीना वोल्क के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाई. उसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रशियन यूनियन हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत गंभीर, जबकि तीन की स्थिति स्टेबल बताई जा रही है.  घटना के बाद उफा प्रशासन ने हाई लेवल जांच के आदेश दिए हैं.