Artemis 2 Splash Down : चंद्रमा का चक्कर लगाकर धरती पर लौटे 4 एस्ट्रोनॉट, इस जगह उतरा यान, देखें Video

Artemis 2 Splash Down : नासा का Artemis 2 मिशन पूरा हो गया है. चारों अंतरिक्षयात्री (Astronaut) चांद का चक्कर लगाकर सकुशल वापस धरती पर लौट आए.

By Amitabh Kumar | April 11, 2026 6:13 AM

Artemis 2 Splash Down : 11 अप्रैल की सुबह करीब 5:37 बजे ओरियन स्पेसक्राफ्ट अमेरिका के सैन डिएगो के पास प्रशांत महासागर में सुरक्षित उतर गया. इस मिशन में गए चारों अंतरिक्षयात्री चांद का चक्कर लगाकर सही-सलामत वापस आ गए हैं. खास बात ये है कि करीब 54 साल बाद इंसान फिर से चंद्रमा के पास पहुंचे. इसे अंतरिक्ष दुनिया की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है और आगे के मिशनों के लिए ये एक बड़ा कदम साबित होगा.

Artemis 2 में चार अंतरिक्षयात्री धरती से करीब 4,06,778 किमी दूर तक गए. इतना दूर पहले कोई इंसान नहीं गया था. वापसी के वक्त उन्हें धरती के घने वातावरण (Thick Atmosphere) से गुजरते हुए जबरदस्त गर्मी और दबाव झेलना पड़ा, लेकिन आखिरकार स्पेसक्राफ्ट सुरक्षित समंदर में उतर गया.

21वीं सदी में इंसानों का पहला चांद मिशन

जैसे ही प्रशांत महासागर के ऊपर पैराशूट खुले, स्पेसक्राफ्ट सुरक्षित समंदर में उतर गया. इसके साथ ही चारों अंतरिक्षयात्री की शानदार वापसी हुई, जिन्होंने 21वीं सदी में इंसानों का पहला चांद मिशन सफलतापूर्वक पूरा किया.

सुरक्षित समंदर में लैंडिंग

इस मिशन में कमांडर रीड वाइजमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर और मिशन स्पेशलिस्ट क्रिस्टीना कोच व जेरेमी हैनसेन शामिल थे. ये सभी ओरियन स्पेसक्राफ्ट से लौटे, जहां धरती के वातावरण में तेज रफ्तार से एंट्री के बाद पैराशूट खुलते ही सुरक्षित समंदर में लैंडिंग हो गई. नासा और US Navy की टीमों ने तेजी से कैप्सूल को सुरक्षित कर लिया और अंतरिक्षयात्रियों की मदद की.

अगला कदम अब मंगल मिशन : डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Artemis 2 की टीम को बधाई देते हुए कहा कि पूरा मिशन शानदार रहा और लैंडिंग बिल्कुल परफेक्ट थी. उन्होंने कहा कि उन्हें इस टीम पर बहुत गर्व है, जल्द ही व्हाइट हाउस में मुलाकात होगी. अगला कदम अब मंगल मिशन की तरफ होगा.