अमेरिका से टेंशन के बीच ईरान पर EU का एक्शन, 15 अधिकारियों और छह संगठनों पर लगाया प्रतिबंध

EU Action On Iran: ईरान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों को हिंसक तौर पर दबाने पर यूरोपीय संघ (ईयू) ने गुरुवार को वहां के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड पर कड़े प्रतिबंध लगाने की संभावना जताई है. इससे ईरान पर दबाव और गहरा गया है. ईरान पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैन्य कार्रवाई की धमकी का सामना कर रहा है.

By Pritish Sahay | January 29, 2026 9:30 PM

EU Action On Iran: आंतरिक विद्रोह और अमेरिका के साथ चरम पर टेंशन के बीच यूरोपियन यूनियन ने भी ईरान की परेशानी बढ़ा दी है. यूरोपीय संघ ने तेहरान समेत कई जगहों पर हुए प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसक कार्रवाई के खिलाफ एक्शन लेते हुए अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के शीर्ष कमांडरों समेत 15 अधिकारियों पर प्रतिबंधों की घोषणा की है. इसके अलावा यूरोपियन यूनियन ने छह ईरानी संगठनों के खिलाफ भी प्रतिबंध का ऐलान किया है. सत्ताईस देशों के इस समूह ने गुरुवार को प्रतिबंध की बात कही.

अमेरिका और ईरान के बीच चरम पर टेंशन

यूरोपिय यूनियन का एक्शन ऐसे समय में हो रहा है जब ईरान और अमेरिका के बीच टेंशन पूरे जोर पर हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है. साथ ही. अमेरिकी विमानवाहक पोतों का एक बेड़ा मध्य पूर्व सागर में तैनात है. अमेरिका ने युद्धपोत यूएसएस अब्राहम लिंकन और निर्देशित मिसाइलों से लैस जहाजों को मध्य पूर्व में तैनात किया है. इस बीच ईरान ने भी धमकी दी है कि वह पूर्व संभावित हमले कर सकता है या पूरे मध्य पूर्व में व्यापक रूप से कार्रवाई कर सकता है. ईरान ने अमेरिकी सैन्य अड्डे और इजराइल पर हमला करने की चेतावनी दी है.

ईरान पर लगे हैं कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध

ईरान की अर्थव्यवस्था पहले से ही अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से जूझ रही है. यूरोप के इस कदम से उस पर और दबाव बढ़ेगा. गुरुवार को ईरान की मुद्रा रियाल गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर 16 लाख प्रति डॉलर पर पहुंच गई. इन्ही आर्थिक संकटों के कारण वहां विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे जो बाद में सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन में बदल गए हैं. यूरोपीय संघ की विदेश एवं सुरक्षा मामलों की प्रमुख काजा कलास ने पत्रकारों से कहा कि यह संभावित है कि प्रतिबंध लगाए जाएंगे. उन्होंने कहा ”इससे उन्हें अल-कायदा, हमास, आईएस की श्रेणी में डाला जाएगा। यदि आप आतंकवादी की तरह कार्य करते हैं, तो आपको आतंकवादी ही माना जाना चाहिए.” वहीं ईरान की ओर से फिलहाल इसपर कोई टिप्पणी नहीं आई है. (भाषा इनपुट)