आसनसोल से राम कुमार की रिपोर्ट
Railway Station : रेल यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए आसनसोल रेल मंडल एक बेहद आधुनिक पहल करने जा रहा है. मंडल के चार महत्वपूर्ण स्टेशनों- जसीडीह, मधुपुर, दुर्गापुर और सिमुलतला में पहली बार यात्रियों के विश्राम के लिए होटल जैसी आधुनिक तकनीक से लैस ”स्लीपिंग पॉड” (विश्राम कक्ष) का निर्माण किया जा रहा है. आसनसोल रेल मंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (एसआर डीसीएम) मार्शल ए सिल्वा ने बताया कि इन स्लीपिंग पॉड के जरिए यात्रियों को बेहद कम खर्च में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी.
डिजिटल लॉकर और मल्टी कुजीन रेस्टोरेंट की सुविधा
यह स्लीपिंग पॉड पूरी तरह से वातानुकूलित (एसी) हॉल के रूप में होगा, जिसके भीतर आधुनिक गद्देदार बेड लगाए जाएंगे. यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें हाई-स्पीड वाई-फाई, एलइडी लाइट्स, आधुनिक तकनीक से लैस बाथरूम और सामान की सुरक्षा के लिए डिजिटल लॉकर की व्यवस्था होगी. इसके साथ ही हॉल के भीतर ही एक मल्टी कुजीन रेस्टोरेंट व फूड स्टॉल भी बनाया जायेगा, जहां यात्रियों के खान-पान का पूरा प्रबंध होगा. हॉल में एक बड़ी एलइडी टीवी भी लगायी जायेगी, जिसके माध्यम से यात्रियों को रेल सुरक्षा, नियमों और रेलवे की विभिन्न जनसुविधाओं की जानकारियां दी जायेंगी.
प्रति घंटे के हिसाब से लगेगा शुल्क
स्टेशनों पर मिलने वाली यह सुविधा किसी फाइव स्टार होटल की तरह होगी. इसमें यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार केवल एक या दो घंटे अथवा जितने समय वे रुकना चाहें, उतने ही समय के लिए ठहरने की अनुमति होगी और शुल्क भी प्रति घंटे के हिसाब से ही लिया जायेगा. बाहर के होटलों में 12 या 24 घंटे का पूरा किराया देना पड़ता था, जिससे यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ता था. इस व्यवस्था की देखरेख और संचालन का जिम्मा रेलवे प्रशासन द्वारा निजी कांट्रेक्टर (एजेंसी) को सौंपा जायेगा.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
महिला यात्रियों के लिए सावन का तोहफा
यह सुविधा सिर्फ पुरुष यात्रियों के लिए ही नहीं, बल्कि महिला यात्रियों के लिए भी पूरी सुरक्षा के साथ अलग से उपलब्ध करायी जायेगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ आगामी सावन के महीने में किया जायेगा. जसीडीह और सुल्तानगंज के रास्ते देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए सावन मेले के दौरान रेल प्रशासन का यह एक बड़ा तोहफा साबित होगा. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण में इन चार स्टेशनों पर मिलने वाले फीडबैक और सफलता को देखते हुए आने वाले समय में आसनसोल मंडल के अन्य सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी स्लीपिंग पॉड का विस्तार किया जायेगा.
Also Read: बंगाल में इन स्कूलों के शिक्षकों के लिए गुड न्यूज, मिलेगा सरकारी कर्मचारी का दर्जा
