बीरभूम.
जिले के रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र के तारापीठ रेलवे स्टेशन संलग्न मैदान में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उम्मीदवार ध्रुव साहा के समर्थन में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया. जनसभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके पंद्रह साल के शासन में बंगाल भ्रष्टाचार और अपराध का केंद्र बन गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता, विधायक, सांसद और मंत्री तक भ्रष्टाचार में लिप्त पाये गये हैं, जिन्हें जेल की हवा खानी पड़ी है.बंगाल के विकास के लिए ”डबल इंजन” सरकार की जरूरत
योगी आदित्यनाथ ने बंगाल के पतन का जिक्र करते हुए कहा कि यदि राज्य को बचाना है तो यहां भाजपा की ””डबल इंजन”” सरकार लानी होगी. उन्होंने वादा किया कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर चार मई के बाद बंगाल से भी गुंडों और भ्रष्टाचारियों की सफाई शुरू हो जायेगी. मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि तृणमूल के गुंडों ने अब तक जितना भी अवैध कब्जा किया है, उन सब पर बुलडोजर चलाया जाएगा. इसके साथ ही सिंडिकेट राज, अवैध बालू, पत्थर खनन और मवेशी तस्करी पर पूरी तरह रोक लगायी जायेगी.