सिदुली में भाजपा मंडल सभापति पर किया हमला, तृणमूल पर आरोप

अंडाल थाना क्षेत्र के सिदुली इलाके में मंगलवार रात करीब 9:00 बजे भाजपा रानीगंज विधानसभा मंडल-03 के सभापति इंद्रसेन राय पर दर्जनों बदमाशों ने हमला कर दिया.

By AMIT KUMAR | January 28, 2026 9:31 PM

अंडाल.

अंडाल थाना क्षेत्र के सिदुली इलाके में मंगलवार रात करीब 9:00 बजे भाजपा रानीगंज विधानसभा मंडल-03 के सभापति इंद्रसेन राय पर दर्जनों बदमाशों ने हमला कर दिया. इस हमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है. घटना में गंभीर रूप से घायल इंद्रसेन राय को पहले खांद्रा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया.

भाजपा का इल्जाम, जान से मारने की धमकी

घटना को लेकर भाजपा नेता और पश्चिम बर्दवान जिला महासचिव रामानंद पाठक ने कहा कि मंडल-03 के सभापति पर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने हमला किया और भाजपा करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि तृणमूल कांग्रेस जनसमर्थन खो रही है और घबराहट में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रही है. रामानंद पाठक ने दावा किया कि इस तरह की गुंडागर्दी को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर भाजपा भी मुंहतोड़ जवाब देना जानती है. उन्होंने बताया कि घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है.

तृणमूल ने किया पलटवार

इस मामले में तृणमूल कांग्रेस पंचायत समिति सदस्य कौशिक मंडल ने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की ओर से किसी पर हमला नहीं किया गया है. उनके अनुसार एसआईआर से जुड़ी परेशानियों के कारण लोगों में गुस्सा है और उसी का सामना भाजपा नेताओं को करना पड़ रहा है. घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.