पुरुलिया.
पुरुलिया विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले जन-संपर्क पर निकले भाजपा विधायक सुदीप मुखर्जी को सोमवार को मतदाताओं और इलाके के बीएलओ के सवालों का सामना करना पड़ा. लोगों ने आरोप लगाया कि एसआइआर प्रक्रिया के दौरान कई वैध मतदाताओं के नाम मतदाता-सूची से हटा दिये गये हैं. आखिर ऐसा कैसे हो गया.मतदाताओं ने उठाया नाम हटाने का मुद्दा
स्थानीय उत्तम नंदी ने बताया कि नयी मतदाता-सूची में उनके पिता का नाम हटा दिया गया है, जबकि उनके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम अब भी सूची में हैं. उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह जिला शासक कार्यालय भी गए, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. बीएलओ को जानकारी देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ, इसलिए उन्होंने सीधे विधायक सुदीप मुखर्जी से पूछा कि उनके पिता का नाम दोबारा मतदाता सूची में कब और कैसे जोड़ा जाएगा. इलाके के बीएलओ रखोहरि दत्त ने बताया कि इस क्षेत्र में 12 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं. उनके अनुसार सभी दस्तावेज जिला शासक कार्यालय को सौंप दिए गए थे. वहां से कहा गया था कि बीएलओ लोगों को सूचना देंगे, लेकिन उन्हें ऐसा कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिला. उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए, उन्होंने समय पर सभी कागजात जमा किए थे, फिर भी उनके नाम क्यों हटे, यह स्पष्ट नहीं है.