अंडाल : क्लब के टेंट में लगी आग, मची अफरा-तफरी

अंडाल 12 नंबर स्थित यंग स्टार क्लब में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.

By AMIT KUMAR | February 21, 2026 9:11 PM

अंडाल.

अंडाल 12 नंबर स्थित यंग स्टार क्लब में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. क्लब परिसर में बैडमिंटन खेलने के लिए अस्थायी टेंट बनाया गया था, जहां स्थानीय खिलाड़ी व बाहर से आनेवाले लोग नियमित रूप से अभ्यास करते थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय अचानक टेंट में आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने पूरे टेंट को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जुट गयी. इस संबंध में वार्ड 10 के पार्षद रूपेश यादव ने कहा कि 12 नंबर इलाके में ऐसी घटना पहली बार हुई है. आशंका जतायी कि टेंट में जानबूझ कर आग लगायी गयी हो सकती है. घटना के समय पास में ही कुछ लोग पिकनिक मना रहे थे और खाने-पीने का दौर चल रहा था. आग लगने पर कई लोग बुझाने के लिए आगे आये, लेकिन कुछ लोग केवल खड़े होकर देखते रहे, जिससे संदेह और गहरा रहा है. रूपेश यादव ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों से नफरत करने वाले असामाजिक तत्व ही ऐसी हरकत कर सकते हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.