रानीगंज में बुलडोजर पर निकले उत्साहित भाजपाई, खूब मना जश्न
पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत और राज्य में भाजपा सरकार के गठन की खुशी में मंगलवार को रानीगंज का कोना-कोना भगवा रंग में रंगा दिखा.
रानीगंज.
पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत और राज्य में भाजपा सरकार के गठन की खुशी में मंगलवार को रानीगंज का कोना-कोना भगवा रंग में रंगा दिखा. इस ऐतिहासिक अवसर पर एनएसबी रोड स्थित भाजपा विधानसभा कार्यालय से एक भव्य विजय रैली निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.शहरभर में हुई परिक्रमा, विकास के नये युग का दावा
विधानसभा कार्यालय से शुरू हुई यह रैली रानीगंज शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी. रैली के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर था.इस मौके पर आसनसोल जिला सांगठनिक उपाध्यक्ष डॉ. तुषार कांति बनर्जी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा की आज न केवल भाजपा के लिए, बल्कि पूरे रानीगंज और बंगाल के लिए गौरव का दिन है.पिछले 15 वर्षों से बंगाल विकास की राह देख रहा था. जनता ने टीएमसी के कुशासन को उखाड़ फेंकने का फैसला सुना दिया है.अब बंगाल में भी विकास की बयार बहेगी.
रैली में शामिल भाजपा नेता दिनेश सोनी ने इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया.उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में पहले से ही भाजपा की सरकारें विकास के नए आयाम स्थापित कर रही थीं, लेकिन बंगाल इससे अछूता था. आज बंगाल में भाजपा की सरकार का बनना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने जैसा है.