एएमसी के सफाई कर्मचारियों ने किया काम बंद, मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन
चिंताजनक. वेतन बढ़ोतरी पर समझौते के बाद फिर से सफाई कर्मचारियों का आंदोलन
एक अप्रैल से पीएफ में जमा नहीं हुआ पैसा, स्थायी पहचान पत्र, इएसआइ की सुविधा, 15 हजार रुपये वेतन और कैजुअल लेबर का दर्जा देने की है मांग
शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन, मंगलवार को बैठक के आश्वासन पर आंदोलन समाप्तआसनसोल. आसनसोल नगर निगम की परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. निगम क्षेत्र में कार्य करने वाले करीब 3300 सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार काम बंद करके आंदोलन शुरू किया. इस दिन नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना दिया, निगम प्रशासन की ओर से उन्हें मंगलवार को बैठक का समय दिया गया. जिसके उपरांत वे यहां से चले गये. सफाई कर्मचारी आंदोलन के जिला संयोजक रवि हाड़ी ने बताया कि संगठन की बैठक में निर्णय हुआ कि जबतक उनकी मांगों पर कोई निर्णय नहीं होता है, तबतक वे लोग काम बंद रखेंगे. सफाई कर्मचारियों के आंदोलन से नगर निगम इलाके में भयावह समस्या उत्पन्न होने के आसार हैं.
एक अप्रैल के बाद नहीं जमा हुई पीएफ में राशि, 13 माह बाद फिर से आंदोलन शुरू
सफाई कर्मचारी आंदोलन के जिला संयोजक श्री हाड़ी ने बताया कि सभी कर्मचारियों का पीएफ में खाता नहीं बना है. जिनका है, उनके खाते में भी एक अप्रैल 2025 से कोई राशि जमा नहीं हुई है. प्रतिमाह पीएफ का 1500 रुपये हरेक कर्मचारी के खाते में जमा करने का समझौता हुआ था. स्थायी पहचान पत्र भी नहीं दिया गया. इएसआइ के दायरे में नहीं लाया गया. उन्हें कैजुअल लेबर का दर्जा देना और न्यूनतम 15 हजार रुपये वेतन की मांग पर आंदोलन शुरू हुआ है. मांगे पूरी नहीं होने तक काम बंद रहेगा.
