डीएसपी में 12 की देशव्यापी हड़ताल का नोटिस जारी
मंगलवार को दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) के इस्पात भवन स्थित डीआईसी कार्यालय के पास इंटक से संबद्ध हिंदुस्तान स्टील वर्क्स यूनियन की ओर से 12 फरवरी की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल का नोटिस जारी किया गया.
By AMIT KUMAR |
January 28, 2026 9:37 PM
दुर्गापुर.
मंगलवार को दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) के इस्पात भवन स्थित डीआईसी कार्यालय के पास इंटक से संबद्ध हिंदुस्तान स्टील वर्क्स यूनियन की ओर से 12 फरवरी की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल का नोटिस जारी किया गया. इस दौरान यूनियन सदस्यों ने जुलूस निकालते हुए डीआईसी कार्यालय के सामने एकजुट होकर प्रदर्शन किया. यूनियन के महासचिव (संयोजक) रजत दीक्षित ने चार प्रमुख मांगों के समर्थन में नोटिस सौंपा. इनमें मजदूर विरोधी लेबर कोड को रद्द करना, मुनाफे में चल रही सरकारी फैक्टरियों के निजीकरण का विरोध करना, कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी और श्रमिक अधिकारों की सुरक्षा शामिल है.
10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का समर्थन
रजत दीक्षित ने बताया कि देश की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने इन मांगों को लेकर 12 फरवरी को पूरे देश में एक दिन की आम हड़ताल का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि कानूनों के जरिए मजदूरों के अधिकारों में कटौती, लाभकारी सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण, किसानों की उपेक्षा, बढ़ती बेरोजगारी, पढ़ाई के बाद रोजगार की कमी और सामाजिक तनाव के माहौल के खिलाफ यह हड़ताल की जा रही है. इस हड़ताल में इंटक, सीटू, एटक, एचएमएस सहित 10 केंद्रीय श्रमिक संगठन शामिल होंगे, जबकि बीएमएस इस हड़ताल में भाग नहीं ले रहा है. मौके पर संगठन के उपाध्यक्ष राणा सरकार, रीपा दास चौधरी, शुभंकर बोस सहित अन्य नेता और बड़ी संख्या में यूनियन सदस्य उपस्थित थे.
...