UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. मगरमच्छ के हमले में एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई. रविवार को सरयू नहर में महिला का शव मगरमच्छ के मुंह में दबा मिला. ग्रामीणों के शोर मचाने पर मगरमच्छ शव छोड़कर पानी में चला गया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
शादी समारोह में गई थीं महिला
मृतका की पहचान बिछिया क्षेत्र के चफरिया ग्राम पंचायत के मोहकमपुरवा गांव निवासी 55 वर्षीय केतकी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, केतकी शनिवार शाम पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका.
सुबह मगरमच्छ के मुंह में मिला शव
रविवार सुबह करीब 9 बजे रमपुरवा गांव के पास ग्रामीणों ने सरयू नहर के 10 नंबर पुल से लगभग 600 मीटर दूर एक मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा. यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद मगरमच्छ शव छोड़कर पानी में चला गया. इसके बाद लोगों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि महिला का शव उसके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर सरयू नहर के पास मिला.
वन विभाग पर ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची. इससे लोगों में नाराजगी देखी गई. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो स्थिति को बेहतर ढंग से संभाला जा सकता था.
बारिश के मौसम में बढ़ा मगरमच्छों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में कतर्नियाघाट क्षेत्र से मगरमच्छ नदियों, नहरों और तालाबों के रास्ते आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं. इससे आसपास के गांवों में डर का माहौल बना हुआ है और लोग जल स्रोतों के पास जाने से भी घबरा रहे हैं.
ग्रामीणों की मांग
घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक का माहौल है. वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छों की निगरानी बढ़ाने, प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. – खुशबू कुमारी की रिपोर्ट
Read Also- पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, डेढ़ महीने बाद खुला राज, पूछताछ में कई अहम खुलासे
