सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से गुस्से में लोग, बिहार के मौलाना पर 83 थानों में केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला गरमा गया है. बिहार के मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का नाम मामले में सामने आया है. उसके खिलाफ गुस्सा भड़क गया है.

By Amitabh Kumar | March 10, 2026 12:47 PM

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 83 थानों में मौलाना अब्दुल्लाह सलीम के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है. कई जगह प्रदर्शन किए गए. मौलाना के पुतले जलाए गए और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई. यही नहीं, मौलाना का सिर कलम करने वाले को 21 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया गया है.

वाराणसी में प्रदर्शन किया गया

वाराणसी में मौलाना अब्दुल्लाह सलीम के पुतले के साथ भारी संख्या में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता जुटे. बलरामपुर में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुतले को चप्पलों और लाठियों से मारा. इसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया. इस घटना से तनाव की स्थिति बनी रही.

मौलाना सलीम को जल्द गिरफ्तार करने की मांग

बलरामपुर के कोतवाली नगर थाने में FIR दर्ज कराई गई है. BJP जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने मौलाना अब्दुल्लाह सलीम के खिलाफ केस दर्ज करवाया. मिश्रा ने मौलाना सलीम को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.

हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में गुस्सा

वाराणसी में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता गोरखनाथ मंदिर से अपने केंद्रीय कार्यालय के पास जमा हुए. वे जुलूस के रूप में नजर आए. मौलाना के पुतले को लेकर प्रदर्शन करते हुए वे निकले. मैदागिन चौराहे पर पहुंचते ही उन्होंने भारी विरोध और नारेबाजी के बीच पुतले को आग के हवाले कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने घटना के जरिए अपनी नाराजगी व्यक्त की.

लखनऊ में भी प्रदर्शन

7 मार्च को राजधानी लखनऊ में भी प्रदर्शन किये गये थे. प्रदर्शनकारी अटल चौराहे पर जुटकर मौलाना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते दिखे थे. उन्होंने शासन-प्रशासन से चार दिन के अंदर मौलाना सलीम के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. साथ ही जेल भेजने की मांग भी की.