भुवनेश्वर. ओडिशा में रविवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा. इस दौरान कड़ी धूप और आर्द्रता से जनजीवन प्रभावित रहा. सुबह आठ बजे से ही लोगों को कड़ी धूप सताने लगी थी. रविवार को बारीपदा 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. वहीं, नुआपाड़ा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. तालचेर में 43.8 डिग्री, झारसुगुड़ा और क्योंझर में 43.6 डिग्री, अनुगूल में 43.3 डिग्री, बलांगीर में 43.2 डिग्री और सुंदरगढ़ में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा हीराकुद और राउरकेला में तापमान 41.8 डिग्री, संबलपुर में 41.7 डिग्री, भुवनेश्वर, कटक और चांदबली में 41.6 डिग्री और बालेश्वर में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
राज्य में लू की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने 25 अप्रैल से स्कूलों में गर्मी की छुट्टी घोषित कर दी है. राज्य के सूचना एवं जन संपर्क विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, सभी सरकारी, निजी और सरकार से सहायता प्राप्त स्कूलों में 25 अप्रैल से गर्मी की छुट्टी रहेगी. इसके अलावा 22 से 24 अप्रैल तक प्रात: कक्षाएं संचालित होंगी. स्कूलों में सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक कक्षाएं ली जा सकेंगी. इससे पूर्व ओडिशा सरकार ने 17 अप्रैल को 18 से 20 अप्रैल तक के लिए स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की थी.