Rourkela News: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी), राउरकेला ने शनिवार को ‘पार्टिकल हंटर्स गाइड’ पर एक सेमिनार और प्रदर्शनी आयोजित कर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2026 को उत्साहपूर्वक मनाया. ‘विज्ञान का जादू’ शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी का आयोजन एनआइटी राउरकेला के एएनआरएफ पीएआइआर और एसएएचइइ (सस्टेनेबल एग्रीकल्चर, हेल्थ, एनर्जी और एनवायरनमेंट) कंसोर्टियम के तहत किया गया.
एनआइटी के विद्यार्थी, फैकल्टी और विभिन्न स्कूलों के 400 से अधिक बच्चों ने भाग लिया
विज्ञानश्री अवॉर्डी प्रो एनके मंडल (सीनियर साइंटिस्ट, इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी) ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इसमें एनआइटी के विद्यार्थी, फैकल्टी, कर्मचारी और विभिन्न स्कूलों के 400 से अधिक स्कूली बच्चों ने भाग लिया, जिसने वैज्ञानिक शिक्षा और संवाद के लिए एक उत्कृष्ट मंच तैयार किया. एनआइटी के आरएम हॉल में सुबह 10:00 से 10:30 बजे तक विज्ञान दिवस प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ. एनआइटी के शोधकर्ताओं ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और विकास में प्रगति को दर्शाती 12 नयी प्रदर्शनियां प्रस्तुत कीं, जो समाज से गहरायी से जुड़ी हैं. उसके बाद भुवनेश्वर बेहेरा ऑडिटोरियम में कार्यक्रम चला. डॉ मोनालिसा पटनायक (इंस्टीट्यूट सेमिनार की इंचार्ज प्रोफेसर) ने स्वागत भाषण दिया. प्रो एसके प्रतिहार (प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एएनआरएफ-पीएआइआर, एनआइटी राउरकेला) ने एएनआरएफ फ्रेमवर्क के तहत संयुक्त शोध की महत्वपूर्णता पर बल दिया. प्रो के उमामहेश्वर राव (डायरेक्टर, एनआइटी राउरकेला), प्रो रोहन धीमान (रजिस्ट्रार, एनआइटी राउरकेला), प्रो ज्योति प्रकाश कर (एचओडी, फिजिक्स) और प्रो हनुमंत राव बी ने मंच पर उपस्थित होकर विज्ञान दिवस पर विचार व्यक्त किये.