Sambalpur News: अनुगूल जिले में अनुगूल वन खंड के सरधापुर गांव में बुधवार की सुबह एक महिला को हाथी ने कुचलकर मार डाला. मृतका की पहचान गौरांग साहू की बेटी गुल साहू के रूप में हुई है. वह घर के पास जंगल में किसी काम से गयी थी, तभी हाथी ने उस पर हमला किया. जिले में पिछले तीन दिन में हाथी के हमले में यह लगातार तीसरी मौत की घटना है.
सोमवार को एक वनरक्षक, मंगलवार को एक अन्य व्यक्ति की गयी थी जान
हाथी के हमले में महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव फैल गया. लोगों ने इस घटना के प्रति आक्रोश व्यक्त किया. वन कर्मचारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इससे पूर्व सोमवार-मंगलवार रात हाथी के हमले में एक वनरक्षक की मौत हो गयी थी. जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके अलावा मंगलवार को आठमल्लिक वन खंड में भी हाथी के हमले में एक व्यक्ति की जान गयी थी. अनुगूल जिले में हाथी के हमले की घटनाएं बढ़ रही हैं. जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भय देखा जा रहा है.