सिमडेगा. नगर भवन में भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक भूषण बाड़ा, उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल समेत अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया. इस दौरान जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी गौरव कुमार ने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझायी. एलइडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित लोगों को जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गयी और फॉर्म भरने की विधि बतायी गयी. प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्मार्टफोन के माध्यम से लाइव प्रक्रिया देखते हुए स्व-गणना पूरी की. कार्यक्रम की शुरुआत विधायक भूषण बाड़ा ने स्वयं स्व-गणना कर की. मौके पर उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास की आधारशिला है. सही आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की योजना बनायी जाती है. उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी से कार्य करने और नागरिकों से सहयोग करने की अपील की. उपायुक्त कंचन सिंह ने जनगणना को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए कहा कि इसे जन-अभियान के रूप में चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. उन्होंने बताया कि इस बार डिजिटल माध्यम और स्व-गणना की सुविधा से प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सटीक होगी. यह अभियान एक मई से 15 मई 2026 तक चलेगा. पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि जनगणना के आंकड़े नीति निर्माण और संसाधनों के उचित आवंटन में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहें और अफवाहों व साइबर दुरुपयोग को रोकें. कार्यक्रम के अंत में भूमि सुधार उप समाहर्ता अरुणा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. विधायक और उपायुक्त ने स्व-गणना जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.