चौका. ईचागढ़ थाना क्षेत्र के गौरांगकोचा ब्लॉक मोड़ के समीप शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक कंटेनर में आग लग गयी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट बिजली के तार से शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह हादसा हुआ. बताया जाता है कि कंटेनर में कपड़ा और टायर लोड था. आग लगने से कुछ कपड़े और एक टायर जलकर नष्ट हो गया. घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ पुलिस एवं दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.