जिला पुलिस कार्यालय में एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज लंबित मामलों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अफीम खेती, ब्राउन शुगर तस्करी, अवैध गांजा एवं शराब तस्करी से जुड़े मामलों की विस्तृत जानकारी ली. बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित कांडों एवं कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गयी. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि एनडीपीएस से जुड़े मामलों का अविलंब निष्पादन सुनिश्चित करें. साथ ही आदतन अपराधियों को चिह्नित कर उन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक में एसडीपीओ सरायकेला समीर सवैयां, एसडीपीओ चांडिल अरविंद कुमार बिन्हा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे.
दो थाना क्षेत्रों में 30 एकड़ अफीम खेती नष्ट
एसपी ने बताया कि इस वर्ष कुचाई थाना एवं चौका थाना क्षेत्र में एसएसबी के नेतृत्व में लगभग 30 एकड़ भूमि पर की गयी अवैध अफीम खेती को नष्ट किया गया है. वहीं 2025 में जिला पुलिस द्वारा करीब 700 एकड़ क्षेत्र में की गयी अफीम खेती को नष्ट किया गया था.