राजमहल/मंगलहाट
झारखंड राज्य चांय विकास संघर्ष समिति के 33 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रविवार को राजमहल थाना क्षेत्र के मोकिमपुर पंचायत के कमलैनबगीचा गांव में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया. समारोह की अध्यक्षता करते हुए समिति के संयोजक नरेश चंद्र मंडल ने कहा कि झारखंड राज्य चांय विकास संघर्ष समिति का गठन 31 मई 1993 को कुछ साथियों के साथ समाज की जागरूकता के उद्देश्य से किया गया था. उन्होंने बताया कि चांय समाज की सक्रियता के कारण राजमहल में दो बार विधायक निर्वाचित हुए, लेकिन राजनीतिक कारणों से भाजपा ने टिकट काट दिया. इससे समाज धीरे-धीरे पिछड़ने लगा है और पुनः जागरूकता की आवश्यकता है. नरेश चंद्र मंडल ने समिति की शिथिल कार्यशैली को सुधारने के लिए इसके पुनर्गठन की घोषणा की. उन्होंने कहा कि समिति का विघटन कर नयी समिति का गठन जल्द किया जाएगा, जिससे नयी ऊर्जा के साथ समाज के लिए कार्य किया जा सके. समिति के जिलाध्यक्ष राजेश मंडल ने कहा कि आज का स्थापना दिवस समारोह सफलता पूर्वक संपन्न हुआ और सभी लोगों का सहयोग सराहनीय रहा. उन्होंने चांय जाति को झारखंड में एससी का दर्जा देने की पुरानी मांग को दोहराया. पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में चांय जाति को एससी का दर्जा प्राप्त है, जबकि झारखंड में यह अभी लंबित है. समारोह में अनिल सरकार, हरिदास मंडल, ओम प्रकाश मंडल, दीप नारायण मंडल, अशोक मंडल, वरुण मंडल, दुर्गा मंडल सहित अन्य वक्ताओं ने समाज के विकास और उत्थान पर अपने विचार व्यक्त किये. मौके पर अमित मंडल, श्रवण मंडल, निहार रंजन, प्रकाश मंडल, दिवाकर मंडल, छेदन मंडल सहित कई लोग उपस्थित रहे.