दिनारा में भीषण हादसा. आरा-मोहनिया एनएच पर धनसोई मोड़ के पास हुआ हादसा
ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार किसान की गयी जान, घर में पसरा मातमशाम को निकलनी थी बेटी की तिलक यात्रा, अब उठी पिता की अर्थी
प्रतिनिधि, दिनाराथाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-मोहनिया नेशनल हाइवे-319 पर बुधवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अधेड़ किसान की जान चली गयी. धनसोई मोड़ यू-टर्न के पास ट्रक और ऑटो की भिड़ंत में नटवार थाना क्षेत्र के महरोड़ गांव निवासी हाकिम साह, पिता- स्व घुरहू साह गंभीर रूप से घायल हो गये. इलाज के दौरान सासाराम सदर अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गयी. जानकारी के अनुसार, हाकिम साह अपने खेत के बैगन बेचने के लिए ऑटो से कोचस बाजार जा रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को चपेट में ले लिया और मौके से फरार हो गया.
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाकिम साह बुरी तरह जख्मी हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया. वहां डॉक्टरों के अथक प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका. दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. परिजनों को सासाराम नगर थाना में शिकायत दर्ज कराकर शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी गयी है.
जिस घर से जाना था तिलक, वहां उठी अर्थी
मृतक हाकिम साह के घर में इन दिनों शादी की खुशियां छायी थीं, जो पल भर में मातम में बदल गयीं. बुधवार छह मई को ही उनकी बेटी सोनी कुमारी का तिलक जाना था. परिजनों ने बताया कि घर में बेटे मनु कुमार और बेटी सोनी की शादी 12 मई को होनी तय थी. हाकिम साह ने अपनी चार बीघा खेती में लगे बैगन को इसलिए बाजार ले जाने का फैसला किया था. ताकि बिक्री से मिले रुपयों का उपयोग बेटी के तिलक में कर सकें.