मंडरो
मिर्जाचौकी पुलिस ने रविवार को झारखंड-बिहार सीमा पर सघन एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया. यह अभियान मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव के निर्देश पर थाना के एएसआई जेकप बेसरा के नेतृत्व में संचालित किया गया. अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की. साथ ही वाहन चालकों की तलाशी लेकर आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गयी. पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष सतर्कता बरती. थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव ने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है. उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. वाहन चालक जब घर से निकलते हैं तो उनके परिवारजन उनके सुरक्षित लौटने की प्रतीक्षा करते हैं. ऐसे में लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है. इसलिए अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाना चाहिए.