बरहरवा
नपं बोर्ड की तीसरी बैठक नपं अध्यक्ष अर्पिता दास की अध्यक्षता में संपन्न हुयी. जिसमें मुख्य रूप से कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार, उपाध्यक्ष राजकुमार भगत एवं सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे. बैठक में नपं पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गयी. इस दौरान संबंधित वार्ड पार्षदों ने अपने अपने वार्डों से संबंधित विभिन्न समस्याओं और योजनाओं को बोर्ड बैठक में रखा और उनके निदान की मांग की. बैठक में नगर के सभी चौक-चौराहों में जाम से निजात हेतु ट्रैफिक पुलिस (चौकीदार) की नियुक्ति, साफ-सफाई हेतु ट्रीनर का क्रय करने, नपं में खराब पड़े सभी मास्क लाइट एवं स्ट्रीक लाइट को ठीक कर सुचारु रूप से चालू कराने, सभी वार्डों में सोलर लाइट लगाने, सभी वार्डों में पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला का निर्माण, मुख्यमंत्री श्रमिक योजना मद से नपं क्षेत्र के जोला नाला की साफ-सफाई कराने, वार्ड 13 के नील पोखर का सौंदर्यीकरण करने, स्वामी विवेकानंद क्रीड़ांगन में बनी गैलरी की मुख्य सड़क के साइड में बने शेड को नगर पंचायत द्वारा बंदोबस्त कराकर किराये पर आवंटित करने सहित अन्य प्रस्ताव दिया गया. कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि बैठक के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई कराने तथा 100 स्ट्रीट लाइट लगाने सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किये गये हैं. मौके पर नगर प्रबंधक पुरुषोत्तम देव, महफूज आलम, वार्ड पार्षद केया सिंह, छोटेलाल रमानी, जितेंद्र कुमार, निर्मला कुमारी सहित अन्य मौजूद थीं.