सिल्ली. सिंहपुर नर्सिंग होम मुरी में एक मरीज के पेट की आंत में फंसी मटन की हड्डी को चिकित्सक ने सफल ऑपरेशन कर निकाल दिया. इससे मरीज की जान बच गयी. नर्सिंग होम संचालक सह चिकित्सक डॉ रमनेश प्रसाद ने बताया कि रामगढ़ के बरलांगा निवासी कलेश्वर महतो के परिजन उसके पेट दर्द की शिकायत लेकर पिछले दिनों अस्पताल पहुंचे थे. पहले उनको सामान्य दवा दी गयी, लेकिन उसकी तबीयत और खराब हो गयी. अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट देख कर पता चला कि उसके पेट की आंत में मटन की हड्डी फंस गयी थी. हड्डी से आंत में कई जगह जख्म हो गये थे. लगभग तीन घंटे के ऑपरेशन के बाद हड्डी को सफलता पूर्वक निकाल ली गयी. मरीज अब खतरे से बाहर है. डॉ रमनेश प्रसाद ने कहा कि ऐसे हड्डी के छोटे टुकड़े गले के अंदर चले जाने से ना केवल आहार नली की दीवारों को बल्कि आमाशय से लेकर छोटी आंत तक कहीं भी घाव बन सकते हैं. इसलिए जब भी कोई मोटा कांटा या हड्डी का टुकड़ा गले में चला जाये और वहां फंस जाये तो बिना कोई प्रयोग किये तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए.