Jharkhand Finance Minister Letter: झारखंड के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने ‘प्रभात खबर’ में शनिवार को ‘वित्त विभाग में लटक रही योजनाओं की फाइल, तीन मंत्रियों ने जतायी आपत्ति’ शीर्षक से प्रकाशित खबर को गंभीरता से लेते हुए वित्त सचिव को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने मंत्रिपरिषद की बैठक में अलग-अलग विभागों की योजनाओं के वित्त विभाग में लंबित रहने से जुड़े मामलों पर स्पष्टीकरण मांगा है. साथ ही संबंधित फाइलों की पूरी जानकारी सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
यह भी पढ़ें: झारखंड: वित्त विभाग में लटक रही योजनाओं की फाइल, तीन मंत्रियों ने जताई आपत्ति
बिना वजह फाइलें रोकने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
पत्र में कहा गया है कि अगर यह स्पष्ट होता है कि बिना उचित कारण के वित्त विभाग द्वारा फाइलों को अकारण लंबित रखा गया, तो संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ सक्षम प्रशासनिक कार्रवाई की जाए. वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा है कि मंत्रिपरिषद की बैठक में माननीय मंत्रियों द्वारा वित्त विभाग की कार्य संस्कृति पर की गई टिप्पणियां अत्यंत गंभीर हैं. इससे विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर गलत संदेश गया है. उन्होंने वित्त सचिव को निर्देश दिया है कि इन सभी मामलों से संबंधित फाइलें कब प्राप्त हुईं, किस स्तर पर लंबित रही, वित्त विभाग द्वारा अगर कोई आपत्ति या स्पष्टीकरण मांगा गया था, तो उसका विवरण, संबंधित विभागों द्वारा दिए गये उत्तर और यदि फाइलें किसी पदाधिकारी के स्तर पर निर्धारित अवधि से अधिक समय तक लंबित रहीं, तो उसके कारणों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए. वित्त मंत्री ने पत्र में नगर विकास विभाग की पांच योजनाओं और ग्रामीण विकास विभाग की चार योजनाओं का उल्लेख किया है.
यह भी पढ़ें: उत्तरी छोटानागपुर के शिक्षा विभाग में 74 कर्मियों का महा-तबादला, हजारीबाग DEO दफ्तर के पुराने चेहरे साफ
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर बंद पर अमर बाउरी का हमला, बोले- जनता ने तोड़ा हेमंत सरकार के साढ़े छह साल का अहंकार
