रांची. प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने मोरहाबादी में आयोजित झारखंड जनसंघर्ष समन्वय मंच की बैठक में परस्पर समन्वय से आम लोगों को जागरूक कर मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील की. कहा कि भावनात्मक मुद्दों की बजाय जमीनी समस्याओं की ओर लोगों का ध्यान खींच कर ही भारत के लोकतंत्र को मजबूत किया जा सकता है. साथ ही मतदाताओं को प्रभावी तरीके से कांग्रेस की विचारधारा बतायी जा सकती है. बढ़ती महंगाई, रोजगार पर संकट जैसी बातों की जानकारी जनता तक पहुंचनी चाहिए. उन्होंने विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर विमर्श किया. बैठक में उलगुलान रैली की सफलता के लिए रणनीति तैयार की गयी. वक्ताओं ने भाजपा पर संविधान बदलने और मनुवादी व्यवस्था को लागू करने का आरोप लगाया. मौके पर वासवी किड़ो, हरि नारायण राम महली, कृष्णा सिंह घटवार, सुशील ओडेया, संगीता उरांव, तुलेश्वर कुमार उरांव, जयराम उरांव, हरि कुमार भगत, हेमा मुंडा, सुरेश सेवैइया, कैरा बिरुआ, अभय भुंटकुंवर, शिवा कच्छप, संजय कच्छप, मंटु मुंडा, सुरेन कुमार कालिंदी, अमित एक्का, देवलाल उरांव आदि मौजूद थे.