रांची. मारवाड़ी समाज का 16 दिवसीय लोकप्रिय पर्व गणगौर महोत्सव गुरुवार को गणगौर विसर्जन के साथ संपन्न हो गया. इससे पहले गुरुवार की सुबह से ही महिलाओं ने सज-धज कर पूरे विधि-विधान के साथ ईसर और गौरा की पूजा की. फिर पूजा-अर्चना के बाद व्रत खाेला. बड़ों का आशीर्वाद लिया. शाम को गणगौर को पानी पिला कर विसर्जन किया. उत्सव को लेकर नवविवाहितों में खासा उत्साह था. पहली बार व्रत करने वाली नवविवाहिताओं ने पूरे सोलह शृंगार के साथ अपने 16 दिवसीय पर्व को पूरा किया. नवविवाहित उज्वल सोमानी ने बताया कि मेरी शादी इसी वर्ष 13 मार्च को हुई है. यह मेरा पहला गणगौर है, जिसे लेकर बहुत उमंग है. वहीं शिवानी शिवम चितलांगिया ने बताया कि इस वर्ष जनवरी में मेरी शादी हुई. पहले गणगौर को लेकर बहुत उत्साहित हूं. वहीं अर्पणा डागा ने कहा कि मेरा पहला गणगौर बहुत सारी खुशियां लेकर आया है.