दुलमी. दुलमी प्रखंड के कुल्ही चौक स्थित पंचायत सभागार में गुरुवार को गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की उपस्थिति में भारतमाला सड़क परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पक्षों ने निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं तथा सुरक्षा संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. बैठक में कुल्ही चौक पर अंडरपास एवं स्थानीय लोगों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए एंट्री-एग्जिट प्वाइंट निर्माण की मांग पर चर्चा हुई. ग्रामीणों ने कहा कि बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों एवं जनसुविधाओं को सुनिश्चित किये निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है. इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. सांसद श्री चौधरी ने कहा कि पूर्व में भी संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि जब तक स्थानीय लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाया जाये. इसके बावजूद रात के अंधेरे में निर्माण कार्य कराने की शिकायत गंभीर और चिंताजनक है. जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है. किसी भी परिस्थिति में लोगों के जीवन को खतरे में डालने वाली लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी. सांसद ने कहा कि ग्रामीणों की वाजिब मांगों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को प्रशासन एवं निर्माण कंपनियों तक मजबूती से पहुंचाया जायेगा. मौके पर ब्रह्मदेव महतो, चंदर महतो, लालबिहारी महतो, पीयूष चौधरी, रामकिशुन भोगता, परमेश्वर महतो, पंकज कुमार, देवकी नंदन महतो, सलखु महतो, गोपाल महतो, प्रकाश महली, देवधारी महतो, शिवचरण महतो, सुरेश पटेल, वरुण महतो, नागेंद्र महतो, अनिल तुरी, मंजीत भोगता, तपेंद्र महतो, देवेंद्र महतो, उमेश प्रजापति उपस्थित थे.