अजय तिवारी, पतरातू
पीडीएस दुकानदारों से कम राशन मिलने के कारण लाभुक परेशान हैं. लाभुकों ने इसकी शिकायत संबंधित विभाग के आला अधिकारियों से भी की है, लेकिन कोई विशेष पहल नहीं की गयी है. गोदाम से लेकर पीडीएस दुकानदारों तक कम राशन देने की शिकायत मिल रही है. मिली जानकारी के अनुसार, गोदाम से डीलरों को कम राशन दिया जाता है. इसके कारण डीलर भी लाभुकों को कम राशन देते हैं. लाभुकों द्वारा कम अनाज देने पर कहा जाता है कि उन्हें गोदाम से ही कम राशन मिलता है. प्रखंड में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में काफी अनियमितता देखने को मिल रही है. लाभुकों के अनुसार, पीडीएस डीलर हर कार्डधारी के राशन में करीब दो से पांच किलो की सेंधमारी करते हैं. इस संबंध में डीलरों का कहना है कि गोदाम से ही अनाज काट कर दिया जाता है. इसमें हमलोग क्या कर सकते हैं.