चितरपुर. चितरपुर के बेलाल नगर स्थित अपसार ए-टू-जेड जनरल स्टोर में शनिवार देर रात आग लगने से दुकान का पूरा सामान जलकर राख हो गया. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. इस हादसे में दुकान में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद सहित किराना और दैनिक उपयोग के सामान नष्ट हो गये. इससे दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. दुकान संचालक अपसार उल्लाह शनिवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गये थे. रविवार सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपट उठती देख कर उन्हें सूचना दी. बताया जाता है कि दुकान के पास एक शादी समारोह चल रहा था, जो देर रात तक जारी था. समारोह समाप्त होने के कुछ समय बाद ही दुकान से धुआं निकलता दिखायी दिया और आग फैल गयी. स्थानीय लोगों ने पानी और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया. तब तक आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था. घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. स्थानीय लोगों ने पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता देने की मांग की है.