फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जायेगा रामगढ़. सिविल सर्जन रामगढ़ डॉ नवल कुमार की अध्यक्षता में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) 2026 के सफल संचालन को लेकर सोमवार को बैठक हुई. यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक जिले में संचालित किया जायेगा. बैठक के दौरान सिविल सर्जन ने बताया कि एमडीए 2026 के तहत 25 फरवरी 2026 तक जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. रामगढ़ जिले में कुल 10,53,034 लक्षित आबादी को डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की फाइलेरिया रोधी दवा खिलायी जायेगी. बताया कि फाइलेरिया जैसी बीमारी से बचाव के लिए दवा का सेवन आवश्यक है. अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम गठित की गयी है. ग्रामीण क्षेत्रों में दवा वितरण एवं निगरानी के लिए विशेष प्रबंध है. जिला में 1156 बूथ हैं. 10 फरवरी 2026 को बूथ दिवस के अवसर पर फाइलेरिया रोधी दवा खिलायी जायेगी. 11 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को दवा का सेवन कराया जायेगा. अभियान की मॉनिटरिंग के लिए 130 सुपरवाइजर नियुक्त किये गये हैं. बैठक में सिविल सर्जन डॉ नवल कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ स्वराज, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ तुलिका रानी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उदय श्रीवास्तव, डीपीएम प्रदीप कुमार, डीडीएम रश्मि आनंद, डीपीसी आरिफ हैदर, जिला वीबीडी सलाहकार संजना कुमारी, रविकांत रवि, पिरामल फाउंडेशन से रितेश कुमार, मिथुन भंडारी मुख्य रूप से मौजूद थे.