15वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन संवाददाता, पाकुड़ झारखंड एथलेटिक्स संघ एवं बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 19 अप्रैल तक बोकारो के चंदनक्यारी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय 15वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न हो गई. प्रतियोगिता में पाकुड़ जिला एथलेटिक्स संघ की 26 सदस्यीय टीम ने भाग लिया. पाकुड़ जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए. इनमें 2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं. इस उपलब्धि से जिले का नाम पूरे राज्य में गौरवान्वित हुआ है. महिला वर्ग में प्रेम शिला हांसदा ने हाई जंप में स्वर्ण पदक जीता, जबकि सुनीता मरांडी ने इसी स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया. रिले एवं मिक्स स्पर्धाओं में 4×100 मीटर रिले टीम अंकित राय, सोनाली टुडू, सरस्वती टुडू और एविन जूली मुर्मू ने रजत पदक जीता. मिक्स 4×100 मीटर रिले में अंकित राय, सोनाली टुडू, नजमी शेख और थॉमसन हेंब्रम ने कांस्य पदक प्राप्त किया. मिक्स 4×400 मीटर रिले में सुहागिन हांसदा, मंटू ठाकुर, सोनाली टुडू और आनंद शेख ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं 4×400 मीटर रिले टीम सुहागिन हांसदा, सोनाली टुडू, सरस्वती टुडू और एंजोली मुर्मू ने रजत पदक जीता. अन्य स्पर्धाओं में अंकित राय ने जैवलिन थ्रो और हैमर थ्रो में रजत पदक हासिल किया. पुरुष वर्ग में थॉमसन हेंब्रम ने हाई जंप में रजत और राम मोहन साहनी ने लॉन्ग जंप में कांस्य पदक जीता. खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन पर राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा, सचिव रणवीर सिंह, खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष साबरी पाल और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धदेदु शेखर गांगुली सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षक अक्षय बाबरी को बधाई दी है.