नगर प्रतिनिधि, पाकुड़ नगर परिषद पाकुड़ के वार्ड संख्या 9 से जुड़े एक मामले में फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर चुनाव लड़ने का आरोप सामने आया है. इस संबंध में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अंचल अधिकारी को आवेदन सौंपा गया है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विमल चंद्र राउत ने पिछड़ा वर्ग के आरक्षित वार्ड से चुनाव लड़ने के लिए कथित रूप से गलत तरीके से जाति प्रमाण पत्र प्राप्त किया. जबकि प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार उनका परिवार अत्यंत पिछड़ा वर्ग में आता है. आवेदन में यह भी कहा गया है कि जाति प्रमाण पत्र बनवाने के दौरान सही वंशावली और खतियान की जानकारी नहीं दी गई तथा कथित रूप से गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर प्रमाण पत्र हासिल किया गया. इसके आधार पर उन्होंने नगर परिषद चुनाव जीत लिया. आवेदनकर्ताओं में अध्यक्ष पद की पूर्व उम्मीदवार सीमा सोनी भगत, वार्ड संख्या 9 की उम्मीदवार चंदना घोष तथा वार्ड संख्या 8 के उम्मीदवार बबलू भगत शामिल हैं. उन्होंने मामले को न्यायालय के आदेशों की अवहेलना बताते हुए जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और वार्ड संख्या 9 का चुनाव रद्द करने की मांग की है. इस संबंध में विमल चंद्र राउत से संपर्क करने पर उन्होंने लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी प्रक्रिया नियमों के तहत पूरी की है और आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है. वहीं अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.