लोहरदगा. राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जिले के 200 छात्र-छात्राओं का दल तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर शुक्रवार को पलामू प्रमंडल रवाना हुआ. सीएम उत्कृष्ट नदिया हिंदू उच्च विद्यालय परिसर से उपायुक्त डॉ ताराचंद ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दल में कक्षा छह से आठ के वैसे मेधावी विद्यार्थी शामिल हैं, जिन्होंने शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. यह भ्रमण कार्यक्रम तीन दिनों का है, जिसके तहत बच्चे लातेहार के बेतला नेशनल पार्क, पलामू किला, लोध जलप्रपात और नेतरहाट के विभिन्न पर्यटन स्थलों का दीदार करेंगे. इस दौरान विद्यार्थी नेतरहाट आवासीय विद्यालय, कोयल प्वाइंट और सनसेट प्वाइंट का भी भ्रमण करेंगे. भ्रमण दल रविवार शाम को लोहरदगा वापस लौटेगा.
